जबलपुर रेलवे स्टेशन पर स्टॉल में लगी भीषण आग, पार्सल बोगी और शेड तक पहुंचीं लपटें
जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर बुधवार शाम करीब पौने 4 बजे एक बंद स्टॉल में अचानक आग लग गई। आग की लपटों ने पास खड़ी पार्सल बोगी और शेड को भी चपेट में ले लिया।
जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर बुधवार शाम आग लगने से अफरा तफरी मच गई। बुधवार करीब पौने 4 बजे एक बंद स्टॉल में लगी आग ने पास खड़ी पार्सल बोगी और प्लेटफॉर्म के शेड के कुछ हिस्से को भी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर और वाटर हाइड्रेंट की मदद से करीब 10 मिनट में आग बुझा दी। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
आग की चपेट में स्टॉल में रखे बिस्किट, नमकीन और अन्य पैक्ड खाद्य सामग्री जल गई। इसके अलावा पार्सल विभाग के पास रखा सामान भी प्रभावित हुआ। जिसमें कपड़े और दूसरी वस्तुएं शामिल थी। आग की लपटों से प्लेटफॉर्म के शेड का एक छोटा हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
यह भी पढ़ें:गांजा रखकर प्रेमियों को फंसाने वाले 6 पुलिसकर्मियों पर एक्शन, होटल मालिक के स्टिंग के बाद हुए सस्पेंड
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि जिस स्टॉल में आग लगी वह अभी शुरू नहीं हुआ था और घटना के समय बंद था। इस वजह से वहां कोई कर्मचारी या ग्राहक मौजूद नहीं था। आगजनी के बाद एहतियात के तौर पर प्लेटफॉर्म नंबर 1 की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई।
सीनियर डीसीएम शशांक गुप्ता के मुताबिक, घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। इसके लिए जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही कारणों का पता चल सकेगा। जांच में यह भी देखा जाएगा कि आग सबसे पहले स्टॉल में लगी या पार्सल विभाग के पास रखे सामान से इसकी शुरुआत हुई। फिलहाल रेलवे की प्राथमिकता आग से प्रभावित हिस्सों का आकलन और घटना के कारणों का पता लगाना है।
यह भी पढ़ें:BJP MLA प्रीतम लोधी के बेटे को कोर्ट ने भेजा जेल, अदालत का सम्मान न करने पर जज ने फटकार भी लगाई




