नई दिल्ली। प्री मॉनसून एक्टिविटी के कारण पूरे उत्तर भारत में आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज भी राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां हल्की से भारी बारिश तक हो सकती है। हालांकि, इन राज्यों के कुछ हिस्सों में तेज गर्मी का भी अलर्ट है।
उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम मेरठ, आगरा समेत 12 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इन जिलों में बिजली, पेड़ और दीवार गिरने से 22 की मौत हो गई। फिरोजाबाद में आंधी से उड़कर आई टीनशेड से महिला की गर्दन कट गई। राज्य के 39 जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट है।
पिछले 24 घंटे में लखनऊ, गाजियाबाद और नोएडा समेत प्रदेश के 20 जिलों में बारिश हुई। मेरठ और बागपत में जमकर ओले गिरे। गोरखपुर में सबसे ज्यादा 74 मिमी बारिश हुई। यहां सड़कें तालाब बन गईं। जिला अस्पताल और कॉलोनियों में पानी घुस गया।
उधर, नोएडा में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। पेड़, होर्डिंग और बिजली के खंभे उखड़ गए। ऐसा ही हाल मेरठ और एटा में भी देखने को मिला। एटा में आंधी से मकानों की टीन शेड उड़ गई। यात्रियों से भरी बोलेरो पर पोल गिर गया। हालांकि, उस वक्त बिजली कटी हुई थी, इसलिए लोग बाल-बाल बच गए।
दिल्ली-NCR में बुधवार शाम करीब 8 बजे तेज आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश हुई और कुछ जगहों पर ओले भी गिरे। तेज आंधी के कारण कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे तक गिर गए, जिस वजह से रास्ते जाम हो गए।
आंधी-तूफान और बारिश के बीच दो लोगों की मौत भी हो गई, जबकि कम से कम 11 लोग घायल हो गए। खराब मौसम के चलते दिल्ली मेट्रो की सेवाएं भी प्रभावित हुईं, जबकि 50 से ज्यादा फ्लाइट डिले हुईं। 10 फ्लाइट को जयपुर और एक को मुंबई डायवर्ट करना पड़ा।