नई दिल्ली। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बुधवार को भारत पहुंचा। अमेरिका से डिपोर्ट होकर दिल्ली पहुंचते ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसे अपनी कस्टडी में ले लिया। उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर ही हिरासत में लेकर अब पटियाला कोर्ट में पेश किया जाएगा। अमेरिका ने जिस फ्लाइट से अनमोल को डिपोर्ट किया उसमें कुल 200 लोग वापस भेजे गए थे। इनमें भारत के तीन नागरिक शामिल हैं। इनमें से दो पंजाब के बताए गए हैं। हालांकि, उनकी पहचान अभी सामने नहीं आई है।

अनमोल अप्रैल 2024 में बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग में वांटेड है और मुंबई में NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का भी वह मुख्य आरोपी है। वह साल 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में भी नामजद हो चुका है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अनमोल को अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे डिपोर्ट कर भारत भेज दिया गया है। NIA ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर रखा था और उस पर 10 लाख रुपए का इनाम भी घोषित था।

यह भी पढ़ें:भोपाल के मिसरोद में कैफे पर नकाबपोश गुंडों का हमला, जमकर की तोड़फोड़

डिपोर्टेशन की सूचना सबसे पहले NCP नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को मिली थी। उन्होंने बताया कि अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने उन्हें ईमेल भेजकर अनमोल के भारत भेजे जाने की जानकारी दी थी। जीशान ने कहा कि अनमोल को भारत लाकर उसके सभी अपराधों के लिए सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
  
पिछले साल 14 अप्रैल को बाइक सवार दो हमलावरों ने सलमान के मुंबई स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर गोलियां चलाईं थी। इससे पहले मार्च 2023 में लॉरेंस गैंग ने सलमान को धमकी भी दी थी। जिसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने उन्हें Y+ श्रेणी की सुरक्षा दे दी थी। NIA के मुताबिक, सलमान उन 10 लोगों में सबसे ऊपर थे जिन्हें लॉरेंस ने जेल से बाहर निकलकर टारगेट करने की धमकी दी थी। इसका मुख्य कारण साल 1998 के काले हिरण शिकार था। जिसे लेकर लेकर बिश्नोई समुदाय काफी गुस्से में था।

यह भी पढ़ें:एंटी नक्सल अभियान में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, हिड़मा के बाद 7 और नक्सली मारे गए, 3 SZCM समेत 50 गिरफ्तार

मुंबई के बांद्रा स्थित खेरवाड़ी सिग्नल पर 12 अक्टूबर 2024 की रात NCP नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या की गई थी। हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। मुंबई पुलिस ने इस मामले में करीब 26 आरोपियों को पकड़ा था। जबकि, अनमोल, शुभम लोनकर और जीशान मोहम्मद अख्तर फरार थे और वांटेड घोषित किए गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के दौरान अनमोल लगातार शूटर्स के संपर्क में था। सिद्दीकी की मौत की पुष्टि होने के बाद एक शूटर ने अनमोल को मौके की फोटो और वीडियो भेजे थे।

29 मई 2022 को पंजाब के मानसा में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद भी अनमोल का नाम पहली बार चर्चाओं में आया था। पंजाब पुलिस की जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश तिहाड़ जेल में बैठे लॉरेंस ने रची थी। जिसका प्लान अनमोल और उसके भतीजे सचिन ने कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के साथ मिलकर तैयार किया था।

यह भी पढ़ें:MP: SIR में चूक होने पर कर्मचारियों के विरुद्ध एक्शन, सीधी कलेक्टर ने तीन कर्मियों के वेतन काटे

लॉरेंस बिश्नोई गैंग भारत के सबसे बड़े आपराधिक नेटवर्क में से एक माना जाता है। लॉरेंस का जन्म 12 फरवरी 1993 को पंजाब के फाजिल्का में हुआ था। उसके पिता पुलिस कॉन्स्टेबल थे। उसे पूरी दुनिया लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जानती है लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में उसका नाम सतविंदर सिंह दर्ज है। माना जाता है कि लॉरेंस गिरोह के देश-विदेश में 700 से ज्यादा शूटर सक्रिय हैं। इनमें लगभग 300 केवल पंजाब से जुड़े हैं। उसका नेटवर्क पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश तक फैला हुआ है। वहीं, उन्हें हथियारों की सप्लाई विदेशों से होती है।