हरियाणा में आम आदमी पार्टी को झटका, पूर्व सांसद अशोक तंवर ने दिया इस्तीफा, BJP ज्वाइन करने की अटकलें

हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके अशोक तंवर एक बार फिर नई पार्टी जॉइन करने वाले हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। अब वह शुक्रवार को बीजेपी में शामिल होंगे।

Updated: Jan 18, 2024, 05:10 PM IST

चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। हरियाणा में AAP के नेता अशोक तंवर ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। 2019 विधानसभा चुनाव से पहले अशोक तंवर कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे। फिर उन्होंने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ले ली थी। अरविंद केजरीवाल ने उन्हें हरियाणा में प्रचार प्रमुख बनाया था। 

बीते 10 जनवरी को अशोक तंवर ने सीएम मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की थी। इसके बाद से उन्होंने आम आदमी पार्टी के कार्यक्रमों से दूरी बना ली थी। तब से ही कयास लगाए जा रहे थे कि वे पार्टी से इस्तीफा देंगे। अब बताया जा रहा है कि कल वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। चर्चा है कि बीजेपी उन्हें सिरसा या अंबाला से लोकसभा का उम्मीदवार बनाएगी।

अशोक तंवर 2009 से 2014 तक सिरसा से सांसद भी रहे हैं। तंवर को हरियाणा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री दीपेंद्र सिंह हुड्डा गुट का विरोध झेलना पड़ा था। इससे नाराज होकर 2019 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर टीएमसी का दामन थाम लिया था। तंवर ममता बनर्जी की टीएमसी में सिर्फ 6 महीने ही टिके, फिर उन्होंने पार्टी बदल ली। वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। 

इसके बाद उन्होंने हरियाणा में AAP के स्टाइल में ही खट्टर सरकार के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया। बताया जा रहा है कि बीजेपी उन्हें सिरसा से टिकट दे सकती है। सिरसा से अभी भाजपा सांसद सुनीता दुग्गल हैं।
हरियाणा में लोकसभा की 10 सीटें हैं। पिछले आम चुनाव में बीजेपी ने हरियाणा की सभी 10 सीटें जीती थीं।

इंडिया गठबंधन में शामिल होने के बाद यहां की सीटें कांग्रेस और आप के बीच बराबर-बराबर बांटी जा सकती है। इस समीकरण से कांग्रेस और आप के खाते में 5-5 सीटें आएंगी। सिरसा और अंबाला एससी कैटिगरी के लिए रिजर्व है। अशोक तंवर दलित नेता हैं, इसलिए माना जा रहा है कि बीजेपी इन्हें सुरक्षित सीटों से लोकसभा चुनाव में उतार सकती है।