सुशांत सिंह राजपूत के कोस्टार संदीप नाहर ने की आत्महत्या, पत्नी पर लगाए आरोप

संदीप नाहर ने आत्महत्या से पहले फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर कई आरोप लगाए हैं

Updated: Feb 16, 2021, 04:44 AM IST

Photo Courtesy: News 18.com
Photo Courtesy: News 18.com

मुंबई। सुशांत सिंह राजपूत के कोस्टार रहे संदीप नाहर ने खुदकुशी कर ली है। उनका शव मुंबई के गोरेगांव स्थित उनके घर पर रस्सी से लटका हुआ पाया गया। संदीप नाहर को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी। संदीप का एक फेसबुक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने पत्नी के साथ तनावपूर्ण रिश्तों से तंग आकर खुदकुशी करने की बात कही है। संदीप ने वीडियो में अपनी पत्नी पर कई आरोप भी लगाए हैं।

पत्नी से तंग कर की आत्महत्या 

आत्महत्या करने से पहले संदीप नाहर ने फेसबुक पर अपना एक वीडियो साझा किया था। संदीप ने अपने वीडियो में अपनी पत्नी कंचन शर्मा पर कई आरोप लागए हैं। संदीप ने वीडियो में कहा कि उनकी पत्नी कंचन शर्मा अतीत की बातों को लेकर लड़ती झगड़ती रहती है। संदीप ने कहा कि कंचन शर्मा उन्हें झूठे केस में फंसाने और आत्महत्या करने की धमकी देती रहती है। संदीप के मुताबिक उन्हें तंग करने में कंचन शर्मा के साथ साथ उसकी मां और ससुराल वाले भी शामिल हैं। संदीप ने बताया कि कंचन की मां भी उन्हें झूठे केस में फंसाने का समर्थन करती है। 

 

 

संदीप ने वीडियो में कहा है कि शादी से पहले कंचन का एक बॉयफ्रेंड था। उस पर कंचन ने झूठे मुकदमे दर्ज कराए हैं। संदीप ने वीडियो में कहा है कि वे लगातार ट्रॉमा में जी रहे हैं, कोई आदमी काम का स्ट्रेस झेल सकता है लेकिन पत्नी का नहीं। संदीप ने वीडियो में कहा कि अब उनसे सहा नहीं जा रहा है। इसलिए उनके जाने के बाद उनकी पत्नी का खयाल रखा जाए। संदीप ने कहा कि कंचन का गुस्सा खराब है, लेकिन वो दिल की बेहद अच्छी है। 

संदीप नाहर सुशांत सिंह राजपूत के साथ एमएस धोनी में नज़र आ चुके थे। संदीप ने उस फिल्म में छोटू भैया का किरदार निभाया था। इसके अलावा संदीप नाहर केसरी फिल्म में भी नज़र आ चुके थे। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने खुद भी पिछले साल 14 जून को आत्महत्या कर ली थी।