UP में कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा शुरू, खेतिहर महिलाओं के साथ साग-रोटी खाते दिखीं प्रियंका गांधी
कांग्रेस का झंडा दिखाकर प्रियंका ने प्रतिज्ञा यात्रा को रवाना किया, किसानों के लिए प्रियंका का ऐलान- सरकार आते ही होगा कर्ज माफ, बिजली बिल हाफ और 20 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी

बाराबंकी। 'हम वचन निभाएंगे' नारे के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा आज से शुरू हो गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने तीन शहरों से एक साथ निकली इस यात्रा को कांग्रेस का झंडा दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रियंका ने किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए वादों की झड़ी लगा दी। प्रियंका गांधी ने बाराबंकी के हरख बाजार से झंडी दिखाकर बाराबंकी, वाराणसी और सहारनपुर से शुरू हो रही प्रतिज्ञा यात्रा को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी की ओर से सात प्रतिज्ञा की घोषणा की। कांग्रेस की सात प्रतिज्ञाएं इस प्रकार हैं:
1. विधानसभा चुनाव के लिए टिकट वितरण में महिलाओं की 40 फीसदी हिस्सेदारी
2. सरकार बनने पर इंटर पास सभी छात्राओं को स्मार्टफोन और ग्रेजुएट छात्राओं को इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी
3. किसानों का पूरा कर्ज माफ
4. 2500 रुपए में धान गेहूं और 400 रुपए में गन्ना की खरीद की गारंटी
5. बिजली बिल सबका हाफ, कोरोना काल का बकाया साफ
6. दूर करेंगे कोरोना की मार, परिवार को देंगे 25 हजार
7. प्रदेश के 20 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी की गारंटी
यह भी पढ़ें: अमानक बीज बेचने वालों पर कार्रवाई करे सरकार, दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज को लिखा पत्र
जानकारी के मुताबिक प्रतिज्ञा यात्रा को रवाना करने के बाद प्रियंका गांधी अचानक खेतों में काम करने वाली महिलाओं के पास गयीं। इस दौरान उन्होंने इन महिलाओं के कामकाज और रहन सहन को जाना। खेत में काम कर रही महिलाएं भी प्रियंका से मिलकर बेहद प्रसन्न दिखी। यहां प्तरियंका ने इन महिलाओं ने घर से साग रोटी लायी महिलाओ के साथ खाना भी खाया। यहां दलित महिलाओं के हाथ से गुड़, रोटी और साग खाती प्रियंका की सोशल मीडिया में काफी चर्चा है।
प्रतिज्ञा यात्रा के ये हैं तीन रुट
प्रतिज्ञा यात्रा का पहला रुट वाराणसी से शुरू होकर रायबरेली में समाप्त होगा। इस रूट की कमान पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी और पूर्व सांसद राजेश को सौंपा गया है। यह यात्रा चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, प्रतापगढ, अमेठी जिले से होते हुए गुजरेगी। दूसरा रुट बाराबंकी से शुरू होकर झांसी में समाप्त होगा। इसका कमान पूर्व सांसद पीएल पुनिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य और पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दकी को सौंपा गया है।
यह भी पढ़ें: धान की ज्वाला से पसीजे वरूण गांधी, कहा बीजेपी को कृषि नीति पर है पुर्नचिंतन की ज़रूरत
प्रतिज्ञा यात्रा का तीसरा रुट सहारनपुर से शुरू होकर मथुरा में समाप्त होगा। इसका नेतृत्व पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद एवं दिग्गज नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम करेंगे। बता दें कि यह यात्रा 1200 किलोमीटर की है। यात्रा के दौरान जगह-जगह पर नुक्कड़ जनसभाएं होंगी। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को पुनर्स्थापित करने की दृष्टि से इस यात्रा को बेहद अहम माना जा रहा है।