रास्ता भटक गई वंदे भारत ट्रेन, जाना था गोवा निकल गई कल्याण, वापस लाने में 90 मिनट हुई लेट
एक वंदे भारत ट्रेन सोमवार को महाराष्ट्र में रास्ता भटक कर कहीं और चली गई। इसके करीब 90 मिनट लेट होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
मुंबई। महाराष्ट्र में एक अजीब मामला सामने आया है।यहां एक वंदे भारत ट्रेन सोमवार को महाराष्ट्र में रास्ता भटककर कहीं और चली गई। दरअसल, यहां छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल से चलकर गोवा के मडगांव स्टेशन तक जाने वाली वंदे भारत ट्रेन दूसरे रूट पर चली गई। इसके करीब 90 मिनट लेट होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
रेल अधिकारियों ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (सीएसएमटी)-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस महाराष्ट्र के ठाणे जिले के दिवा स्टेशन पर तकनीकी खराबी के कारण अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई। रेल अधिकारियों के अनुसार दिवा-पनवेल मार्ग पर पनवेल स्टेशन की ओर बढ़ने के बजाय ट्रेन कल्याण की ओर मुड़ गई। इसके कारण मुंबई की लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा।
बाद में वंदे भारत कल्याण स्टेशन से दिवा जंक्शन लौटी। यहां से उसने दिवा-पनवेल मार्ग पर मडगांव के लिए आगे की यात्रा शुरू की। रेल अधिकारियों ने बताया कि मुंबई उपनगरीय स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली पर ऐसी घटनाएं बहुत कम होती हैं।
यह भी पढ़ें: पुष्पा फेम अभिनेता अल्लू अर्जुन की नहीं कम हो रही मुश्किलें, हैदराबाद पुलिस ने आज पूछताछ के लिए बुलाया
मध्य रेलवे के पीआरओ स्वप्निल नीला ने बताया कि यह घटना दिवा जंक्शन पर डाउन फास्ट लाइन और पांचवीं लाइन के बीच सिग्नलिंग और दूरसंचार प्रणाली में गड़बड़ी के कारण हुई। दिवा जंक्शन से कोंकण की ओर जाने वाली ट्रेनें नियमित मार्ग से पनवेल स्टेशन पहुंचती हैं, लेकिन वंदे भारत कल्याण पहुंच गई।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ‘डबल इंजन’ की सरकार नहीं, ‘डबल ब्लंडर’ की सरकार है। भाजपा ने देश की गाड़ी को भी गलत पटरी पर डाल दिया है।