अटल का वीडियो साझा कर वरुण गांधी ने बीजेपी को चेताया, किसानों का दमन करना छोड़ दो

वरुण गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का एक वीडियो साझा किया है, जिसमें पूर्व पीएम किसानों का समर्थन करते हुए सुनाई दे रहे हैं

Publish: Oct 14, 2021, 07:54 AM IST

नई दिल्ली। बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर इशारों इशारों में अपनी ही पार्टी पर हमला बोला है। वरुण गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वे सरकार को चेतावनी देते हुए नज़र आ रहे हैं। पूर्व पीएम सरकार से कह रहे हैं कि किसानों का दमन करना छोड़ दो। 

वरुण गांधी ने जो वीडियो साझा किया है, उसमें अटल बिहारी वाजपेयी कह रहे हैं कि मैं सरकार को चेतावनी देना चाहता हूं कि दमन के तरीके छोड़ दीजिए, डराने की कोशिश मत करिए, किसान डरने वाला नहीं है। हम किसानों का दलीय राजनीति के लिए उपयोग करना नहीं चाहते। लेकिन हम किसानों की उचित मांग का समर्थन करते हैं। सरकार अगर दमन करेगी, कानून का दुरुपयोग करेगी, शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने का प्रयास करेगी। तो किसानों के संघर्ष में हम कूदने में संकोच नहीं करेंगे। हम उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।

वरुण गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री के भाषण को साझा करते हुए लिखा है, एक बड़े दिल के नेता द्वारा कहे गए समझदार शब्द। पूर्व पीएम के भाषण को वरुण गांधी द्वारा मोदी सरकार पर किए गए वार के तौर पर देखा जा रहा है। एक एक शब्द को वरुण गांधी का मोदी सरकार को दिया गया संदेश माना जा रहा है। 

बीते दो महीनों से वरुण गांधी किसानों को खुला समर्थन देते नज़र आ रहे हैं। सबसे पहले उन्होंने करनाल में हुई बर्बरता की आलोचना की। मुजफ्फरनगर में हुई किसान महापंचायत के भी समर्थन में वरुण गांधी खड़े नजर आए। लखीमपुर खीरी नरसंहार के बाद बीजेपी नेता ने खुलकर अपनी सरकार की आलोचना शुरू कर दिया। इसका खामियाजा वरुण गांधी और उनकी मां मेनका गांधी को भुगतना पड़ा। वरुण गांधी और मेनका गांधी को बीजेपी ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।