पश्चिम बंगाल में कोरोना पाबंदियां लागू, हफ्ते में केवल दो दिन उड़ान भरेंगी मुंबई और दिल्ली की फ्लाइट

पश्चिम बंगाल में सोमवार को स्कूल कॉलेज बंद रखने के आदेश जारी कर दिए गए हैं, इसके साथ ही चिड़ियाघर, सैलून और मनोरंजन पार्क भी बंद रखने के आदेश दिए गए हैं

Publish: Jan 02, 2022, 11:21 AM IST

कोलकाता। देश भर में बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए पश्चिम बंगाल ने कोरोना पाबंदियों को लागू करना शुरू कर दिया है। दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट्स पर पाबंदियां लगा दी गई हैं। 

पश्चिम बंगाल और दिल्ली मुंबई के बीच अब केवल हफ्ते में दो दिन ही फ्लाइट उड़ान भरेंगी। अब मुंबई और दिल्ली से कोलकाता के लिए सिर्फ सोमवार और शुक्रवार को ही फ्लाइट्स की आवाजाही हो पाएगी। 

पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा लागू किए गए पाबंदियों को राज्य में आंशिक लॉक डाउन की तरह देखा जा रहा है। राज्य में कल यानी सोमवार को स्कूल कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही सैलून, चिड़ियाघर और मनोरंजन पार्क भी बंद रहेंगे। वहीं तमाम सरकारी और नीची कार्यालयों को 50 फीसदी की क्षमता के साथ ही संचालित करने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं सुबह दस बजे से शाम के पांच बजे तक केवल जरूरी सेवाओं को ही इजाज़त दी जाएगी। 

भारत में कोरोना का खतरा लगातार बढ़ते जा रहा है। शनिवार को देश भर में कोरोना के 27 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए। जबकि 284 लोगों की कोरोना के कारण मौत भी हो गई। वहीं कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के 1500 से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। देश भर में ओमिक्रोन के अब तक 1540 मामले सामने आए हैं।