एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने 124 रनों से जीत दर्ज कर ली है। जापान की मेजबानी में खेले जा रहे इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सामने 170 रनों का टारगेट खड़ा किया था। इसके जवाब में पूरी श्रीलंकाई टीम महज 45 रनों पर ढ़ेर हो गई। इस जीत के साथ ही अब भारत टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गया है। खिताबी जंग में टीम इंडिया का सामना आगामी 3 अक्टूबर को अपने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से होगा।

मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया के लिए युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत की थी। अभिषेक इस मैच में कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और केवल 7 रन बनाकर साहन अराच्चिगे का शिकार हो गए थे। वहीं, बल्लेबाज संजू सैमसन और कप्तान श्रेयस अय्यर भी क्रमशः 7 और 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। 

यह भी पढ़ें:वेस्ट इंडीज के खिलाफ भारत ने रचा इतिहास, 406 रन का लक्ष्य चेज कर 8 विकेट से दर्ज की जीत

उस दौरान वैभव ने टीम की पारी संभालने की कोशिश की और 38 रनों की पारी खेली। टीम को इस बड़े स्कोर तक पहुंचाने में बल्लेबाज ईशान किशन की अहम भूमिका रही थी। उन्होंने शानदार बल्लबाजी करते हुए 80 रनों की नाबाद पारी खेली। अपने अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 5 छक्के और 4 चौके लगाए थे। 

ईशान की कमाल की पारी के बदौलत टीम इंडिया ने श्रीलंका के सामने एक बड़ा लक्ष्य तो खड़ा कर दिया था लेकिन बची कसर भारतीय गेंदबाजों ने पूरी कर दी। जब श्रीलंकाई बल्लेबाज लक्ष्य का पीछा करने उतरे तो टीम इंडिया के गेंदबाजों ने उनपर शुरुआत से ही प्रेशर बनाए रखा था। टीम इंडिया की घातक गेंदबाजी के सामने श्रीलंका ने महज 20 रनों के भीतर अपने शुरुआती 5 बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। 

भारत के लिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, स्पिनर अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने क्रमशः 2-2 विकेट झटके थे। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर ने 1 शिकार किया था। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के फाइनल में एंट्री कर ली है। अब उनका सामना खिताबी जंग में पाकिस्तान से होने वाला है। पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल मैच में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। यह मैच आगामी 3 अक्टूबर को खेला जाएगा।

यह भी पढ़ें:MP में भावांतर योजना के तहत होगी सोयाबीन की खरीदी, 3 अक्टूबर से शुरू होगा पंजीयन