IPL 2024: एमएस धोनी ने छोड़ी कप्तानी, ऋतुराज गायकवाड़ बने CSK के नए कप्तान

आईपीएल की शुरुआत 22 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच के साथ होगी। इस दौरान सभी की निगाहें धोनी पर होगी की वह मैच खेलते हैं या नहीं।

Updated: Mar 21, 2024, 05:01 PM IST

आईपीएल की शुरुआत से पहले एमएस धोनी के फैंस को बड़ा झटका लगा है। चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-2024) की शुरूआत से ठीक एक दिन पहले कप्तान बदलने की घोषणा की है। टीम को 5 बार चैंपियन बना चुके महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है।

धोनी की जगह जगह 27 साल के युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड टीम की कमान संभालेंगे। वे सीएसके फ्रेंचाइजी के चौथे कप्तान बने हैं। इससे पहले एमएस धोनी के अलावा सुरेश रैना और रवींद्र जडेजा भी टीम की कमान संभाल चुके हैं।

CSK ने गुरुवार को इस संबंध में बयान जारी कर कहा कि 'एमएस धोनी ने IPL 2024 की शुरुआत से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड को सौंप दी है। गायकवाड 2019 से चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं और उन्होंने इस दौरान IPL में 52 मैच खेले हैं। टीम आगामी सीजन का इंतजार कर रही है।' 

गायकवाड को क्रिकेटिंग सर्किल में काफी पहले से लीडरशिप ऑप्शन के तौर पर देखा जा रहा था। जब उन्होंने चेन्नई के लिए पहला सीजन खेला था तब से ही कुछ एक्सपर्ट उन्हें भविष्य का कप्तान बता रहे थे। वे धोनी की पसंद भी बताए जा रहे हैं। गायकवाड अभी 27 साल के ही हैं और लंबे समय तक टीम के लिए खेल सकते हैं।