MS Dhoni: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से महेंद्र सिंह धोनी का संन्यास
MS Dhoni Retirement: महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि आज शाम 7 बजकर 29 मिनट के बाद से मुझे रिटायर ही समझें

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सफलतम बल्लेबाज़, विकेटकीपर और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। जबकि धोनी के प्रशंसक उनको मैदान में लाइव खेलते हुए देखने के लिए बड़ी बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। धोनी आईपीएल में खेलते दिखाई देंगे।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार शाम इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया और उसके साथ लिखा- आप लोगों के प्यार और सपोर्ट के लिए शुक्रिया। आज शाम 7 बजकर 29 मिनट के बाद से मुझे रिटायर ही समझें।
टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तानों में से एक एमएस धोनी ने भारत के लिए आखिरी मैच 2019 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल खेला था। इस मैच में भारत को हार मिली थी और इसके बाद से ही धोनी के क्रिकेट करियर को लेकर काफी कयास लगाए जा रहे थे।
तीन बड़े टूर्नामेंट जीतने का रिकार्ड
महेंद्र सिंह धोनी इंडियन क्रिकेट के सबसे सफलतम कप्तान हैं। वे दुनिया के इकलौते कप्तान हैं जिनके नाम पर आईसीसी के तीनों बड़े टूर्नामेंट जीतने का रिकार्ड है। धोनी ने साल 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप, 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और साल 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा था। इसके अलावा उन्होंने टीम इंडिया को टेस्ट में नबंर-1 बनाकर आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप का गदा भी हासिल की।