टी20 विश्व कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से ठीक पहले भारतीय टीम को खिलाड़ियों की फिटनेस ने चिंता में डाल दिया है। प्रैक्टिस सेशन के दौरान ओपनर ईशान किशन चोटिल हो गए हैं। जबकि, दूसरे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पहले से ही पेट के संक्रमण से जूझ रहे हैं। हालांकि, ताजा रिपोर्ट के मुताबिक ईशान किशन के मैच खेलने की संभावना जताई जा रही है लेकिन अभिषेक की उपलब्धता पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
बुधवार शाम आयोजित प्रैक्टिस सेशन में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की तेज यॉर्कर ईशान किशन के बाएं पैर के अंगूठे पर जा लगी थी। गेंद लगते ही ईशान दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर पड़े। जिसके बाद टीम के फिजियो ने तुरंत उनकी जांच की। शुरुआती उपचार के बाद वह लंगड़ाते हुए नेट्स से बाहर चले गए थे। हालांकि, कुछ समय बाद उन्होंने दोबारा बल्लेबाजी करने की कोशिश की लेकिन ज्यादा देर तक अभ्यास जारी नहीं रख सके थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से उनकी चोट को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ईशान अब बेहतर महसूस कर रहे हैं और नामीबिया के खिलाफ मैच में उतर सकते हैं।
यह भी पढ़ें:रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, 18.45 लाख नकद के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार
दूसरी ओर टीम की मुश्किलें इसलिए भी बढ़ गई हैं क्योंकि ओपनर अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण से जूझ रहे हैं। वह दो दिनों तक दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती रहे और बुधवार को उन्हें छुट्टी मिल गई। इसके बावजूद उनकी मैच फिटनेस को लेकर अंतिम फैसला मुकाबले से पहले ही लिया जाएगा। अमेरिका के खिलाफ पहले मुकाबले में अभिषेक अस्वस्थ होने के बावजूद खेलने उतरे थे लेकिन दूसरी ही गेंद पर आउट हो गए थे और फील्डिंग के दौरान मैदान पर भी नहीं उतरे थे। इसके बाद उन्होंने ट्रेनिंग सेशन भी मिस कर दिया था जिससे टीम संयोजन को लेकर संशय बढ़ गया है।
प्रैक्टिस सेशन के बाद युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने बताया कि अभिषेक की फिटनेस पर अंतिम निर्णय मैच से पहले लिया जाएगा। अगर वह उपलब्ध नहीं होते हैं तो विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को ओपनिंग का मौका मिल सकता है। संजू ने बुधवार को नेट्स पर लंबा अभ्यास किया और करीब 30 मिनट तक तेज गेंदबाजों का सामना किया था। शुरुआत में वह थोड़ा सतर्क नजर आए थे लेकिन बाद में उनकी टाइमिंग बेहतर होती दिखाई दी। खासतौर पर स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ उनका आत्मविश्वास मजबूत नजर आया जो नामीबिया के लेफ्ट आर्म स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज के खिलाफ टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें:अशोकनगर में MD ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4 करोड़ के मादक पदार्थ के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
पिछले कुछ समय से संजू सैमसन खराब फॉर्म से गुजर रहे थे जिसके कारण उन्हें मुंबई में खेले गए पहले विश्व कप मैच में ओपनिंग का मौका नहीं मिला था। इस पर कोचिंग स्टाफ के सदस्य रयान टेन डेशकाटे ने स्पष्ट किया कि टीम चयन में ईमानदारी जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड सीरीज में ईशान के प्रदर्शन के बाद पहले मैच में चयन स्पष्ट था लेकिन टूर्नामेंट लंबा है और सभी 15 खिलाड़ी टीम के लिए अहम हैं।
इस बीच जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर भी सकारात्मक संकेत मिले हैं। तिलक वर्मा ने बताया कि बुमराह पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और लगभग पूरी तरह फिट हैं। अभ्यास के दौरान उन्होंने गेंदबाजी के साथ-साथ कैचिंग ड्रिल में भी हिस्सा लिया था। टीम मैनेजमेंट मैच से पहले उनकी स्थिति का अंतिम आकलन करेगा और उम्मीद जताई जा रही है कि वह नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में उपलब्ध रहेंगे।
यह भी पढ़ें:T-20 World Cup: टूर्नामेंट के बीच टीम इंडिया को लगा झटका, सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती
भारतीय टीम इस मुकाबले को बेहद अहम मान रही है क्योंकि इसके बाद उसका सामना उनके चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होना है। टीम इंडिया ने अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ जीत के साथ की थी। हालांकि, उस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव को छोड़कर अन्य बल्लेबाज प्रभाव नहीं छोड़ सके थे। ऐसे में नामीबिया के खिलाफ मैच को टीम मैनेजमेंट पाकिस्तान के खिलाफ हाई वोल्टेज मुकाबले से पहले अहम तैयारी के तौर पर देख रहा है और खिलाड़ियों की फिटनेस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।