15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, बने दुनिया के सबसे युवा T20 कप्तान

बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में इतिहास रच दिया है। महज 15 साल 232 दिन की उम्र में बिहार की कप्तानी कर वे टी20 क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा कप्तान बन गए हैं।

Updated: Nov 14, 2026, 06:12 PM IST

भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के नए सीजन में इतिहास रच दिया है। महज 15 साल 232 दिन की उम्र में बिहार की कप्तानी करते हुए वे टी20 क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा कप्तान बन गए हैं। वैभव ने इस मामले में क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ा है। उन्होंने 17 साल 311 दिन की उम्र में टीम की कमान संभाली थी। हालांकि, वैभव की कप्तानी में बिहार को पहले ही मुकाबले में सौराष्ट्र के खिलाफ 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।

इंदौर के होल्कर स्टेडियम में बिहार और सौराष्ट्र के बीच मुकाबला खेला गया। वैभव ने इस मैच में 12 गेंदों पर 18 रन बनाए थे। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बिहार की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 137 रन ही बना सकी। जवाब में सौराष्ट्र ने 5 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। वैभव ने 7 अगस्त 2025 को साइप्रस के खिलाफ 17 साल 311 दिन की उम्र में कप्तानी करने वाले जैक वुकुसिक को पीछे छोड़ दिया है। 

यह भी पढ़ें:गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर बनाना चाहती है BJP, हैदराबाद में गिग वर्कर्स की रैली में बोले राहुल गांधी

टूर्नामेंट के शुरुआती दिन भारतीय टीम से बाहर चल रहे सूर्यकुमार यादव ने भी अपने बल्ले से धमाल मचाया। कोलकाता में हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। सूर्यकुमार 60 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी पारी की बदौलत मुंबई ने 173 रन का लक्ष्य 13.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया और 7 विकेट से जीत दर्ज की।

वहीं, चंडीगढ़ ने बड़ौदा को 3 विकेट से हराया। बड़ौदा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 148 रन बनाए थे। कप्तान क्रुणाल पंड्या 40 रन बनाकर नाबाद रहे। जबकि, शिवालिक शर्मा ने 45 रन बनाए। चंडीगढ़ की ओर से भगमेंदर लाथर ने 2 विकेट लिए। संदीप शर्मा, चिरागवीर धिंडसा और शिवम भांबरी को एक एक सफलता मिली। चंडीगढ़ ने लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम किया।

पुडुचेरी ने महाराष्ट्र को 15 रन से शिकस्त दी। पुडुचेरी ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 204 रन बनाए थे। भानु आनंद और परमीश्वरन शिवरामन ने क्रमशः 46-46 रन का योगदान दिया। जबकि, पुगाझेंडी आकाश ने सिर्फ 14 गेंदों पर 42 रन की तेज पारी खेली। इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर पंजाब ने हरियाणा को 4 विकेट से हराया। हरियाणा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 190 रन बनाए। पंजाब ने 6 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

यह भी पढ़ें:भोपाल में डेंगू के 206 और मलेरिया के 13 मरीज मिले, 4,208 घरों में मिला मच्छरों का लार्वा

ईडन गार्डन्स में गुजरात ने ओडिशा को 21 रन से हराया। गुजरात ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 250 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। खिलन पटेल ने 29 गेंदों पर 84 रन और कप्तान उर्विल पटेल ने 30 गेंदों पर 62 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए ओडिशा की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 229 रन ही बना सकी। सुब्रांशु सेनापति ने 47 गेंदों पर 89 रन बनाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। गुजरात के अर्जन नागवासवाला ने 4 विकेट लिए। जबकि, एक अन्य मुकाबले में विदर्भ ने गोवा को 7 विकेट से हराया। गोवा की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 146 रन बना सकी। विदर्भ ने 17.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 150 रन बनाए और मुकाबला जीत लिया।