रश्मि सामंत बनीं ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन की पहली भारतीय महिला अध्यक्ष

कर्नाटक की मणिपाल यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने के बाद लंदन गई रश्मि सामंत ऑक्सफोर्ड में स्टूडेंट यूनियन की प्रेसिडेंट चुनी गईं पहली भारतीय महिला हैं

Updated: Feb 14, 2021, 02:10 AM IST

Photo Courtesy: Amar Ujala
Photo Courtesy: Amar Ujala

लंदन। भारतीय छात्रा रश्मि सामंत ने इतिहास रच दिया है। वह लंदन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट यूनियन इलेक्शन में अध्यक्ष चुनी गईं हैं। सामंत यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय छात्रा हैं। इस हफ्ते हुए छात्र संघ के चुनाव में उन्होंने 3,708 वोटों में से 1,966 वोट प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की है।

रश्मि सामंत यूनिवर्सिटी के लिनाक्रे कॉलेज से ऊर्जा प्रणाली विषय पर एमएससी कर रही हैं। वे ऑक्सफोर्ड जाने से पहले कर्नाटक में मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से पढ़ाई कर चुकी हैं। उन्होंने अपने घोषणा-पत्र में भारतीय जड़ों का भी जिक्र किया है। 

ऑक्सफोर्ड एसयू लीडरशिप इलेक्शन में रश्मि ने विश्वविद्यालय परिसर को उपनिवेशवाद से मुक्त करने और समावेशिता की जरूरतों पर जोर दिया। उनके वक्तव्य में कहा गया कि ब्रिटेन के पूर्ववर्ती उपनिवेश की एक बीएएमई (अश्वेत, एशियाई और अल्पसंख्यक जातीय) महिला रश्मि वंचित समूहों के संघर्षों के प्रति सहानुभूति रखने वाली हैं। 

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन 2021-22 के लिए चुनी गई प्रेसिडेंट रश्मि सामंत की टीम में कुछ अन्य भारतीय भी शामिल हैं। इनमें देविका वाइस-प्रेसिडेंट ग्रेजुएट्स इलेक्ट और धीति गोयल स्टूडेंट ट्रस्टीज इलेक्ट पद के लिए चुनी गईं हैं।