Dantewada: नक्सली मुठभेड़ में 2 जवान घायल

Naxalites in Chhattisgarh: अरनपुर में जवानों को भारी पड़ता देख भागे नक्सली, जवानों ने बरामद किया नक्सली सामान

Updated: Aug 05, 2020, 07:40 AM IST

photo courtesy : Bhaskar
photo courtesy : Bhaskar

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में मंगलवार सुबह नक्सलियों और सुरक्षाबलों में मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में 2 जवान घायल हो गए हैं। यह मुठभेड़ अरनपुर क्षेत्र के मिर्चीपारा के जंगलों में करीब 20 मिनट तक चली। दोनों ओर से हुई फायरिंग के बाद खुद को कमजोर पड़ता देख नक्सली मौके से भाग खड़े हुए। मुठभेड़ में एसटीएसफ के दो जवान घायल हो गए हैं। सुरक्षाबलों ने सर्चिंग के दौरान मौके से नक्सल सामग्री बरामद की है।

दरअसल नक्सली शहीदी सप्ताह के दौरान लगातार जवान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सर्चिंग कर रहे हैं। पुलिस को खबर मिली थी कि शहीदी सप्ताह के आखिरी दिन 15-20 नक्सली अरनपुर थाना क्षेत्र के पोटाली पुलिस कैंप से करीब तीन किलोमीटर की दूर मिर्चिपारा में ग्रामीणों की बैठक ले रहे हैं।

इस सूचना के आधार पर STF और DRG के जवानों की एक संयुक्त पार्टी मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी की। नक्सलियों की नजर जवानों पर पड़ गई, जिसके बाद हथियारबंद नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों ने सड़क किनारे लगे दो पाइप बम से विस्फोट किया। लगातार 20 मिनट तक चली मुठभेड़ में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली ग्रामीणों की आड़ लेते हुए घने जंगल की ओर भाग खड़े हुए। जवानों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। जिसके बाद मौके से नक्सली कैंप का सामान, पिठ्ठू, छाता और रोजाना उपयोग की वस्तुएं बरामद हुई हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी नक्सलियों ने 10 किलो का IED लगाया था, जिसे सुरक्षाबल के जवानों ने बरामद कर डिफ्यूज कर दिया था।