शेयर मार्केट में लगातार चौथे दिन गिरावट, सेंसेक्स 570 अंक टूटा, निवेशकों के 6 लाख करोड़ रुपए स्वाहा

भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट आई है। सेंसेक्‍स इंट्राडे के दौरान 1100 अंक से ज्‍यादा टूटा है और निफ्टी 390 अंक गिरा गया था। हालांकि बाद में इसमें रिकवरी देखने को मिली।

Updated: Oct 01, 2026, 04:18 PM IST

नई दिल्ली। भारतीय बाजार के लिए ये हफ्ता काफी खराब होता हुआ दिख रहा है। सोमवार के बाद एक बार फिर भारतीय बाजार तेजी से बिखरा है। गुरुवार दोहर करीब 2 बजे सेंसेक्‍स 1,000 अंकों से ज्‍यादा टूट गया। इस गिरावट के चलते मार्केट कैप से 9 लाख करोड़ रुपये साफ हो गए। हालांकि बाद के कारोबार के दौरान इसमें थोड़ी रिकवरी देखने को मिली।

गुरुवार को दोपहर 12 बजे के बाद से ही मार्केट में गिरावट बढ़ने लगी थी। सेंसेक्‍स में 800 अंकों से ज्‍यादा की गिरावट देखी जा रही थी, जबकि निफ्टी में भी 270 अंकों से ज्‍यादा की गिरावट देखी गई। इसके बाद ये गिरावट बढ़ती चली गई। हालांकि, कारोबार के दौरान मामूली रिकवरी भी देखने को मिली। 

नतीजतन सेंसेक्स 570 अंक यानी 0.79 फीसदी नीचे 71,910 पर बंद हुआ। निफ्टी में 198 अंक यानी 0.88 फीसदी की गिरावट रही, ये 22,422 पर आ गया है। गुरुवार के कारोबार में निवेशकों के 6 लाख करोड़ रुपए स्वाहा हो गए। गुरुवार को ऑटो और मीडिया शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखी गई। 

दरअसल, विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से तेजी से पैसा निकाला है। अकेले मंगलवार और बुधवार को 20 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के शेयर बेचे गए, जिससे इस हफ्ते बुधवार तक कुल बिकवाली लगभग 26 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच गई।

उधर, डॉलर के मजबूत होने से भारतीय रुपए में कमजोरी आई है। प्रति डॉलर रुपया गिरकर 95.98 के स्तर पर आ गया। हालांकि सरकारी बैंकों द्वारा डॉलर की बिक्री से रुपए को सहारा देने की कोशिश की गई, लेकिन करेंसी के कमजोर होने का सीधा नकारात्मक असर शेयर बाजार पर पड़ा।