फूलो देवी नेताम ने छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष के पद से दिया इस्तीफा, बोलीं- किसी और को भी मौका मिले

छत्तीसगढ़ में महिला कांग्रेस अध्यक्ष फूलो देवी नेताम ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने महिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में सात साल तक काम किया है। फूलो देवी नेताम कांग्रेस से राज्यसभा सांसद भी हैं।

Updated: Jul 18, 2023, 06:25 PM IST

रायपुर। विधानसभा चुनाव से पूर्व छत्तीसगढ़ कांग्रेस में फेरबदल का दौर जारी है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के बाद अब राज्य की महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और सांसद फूलोदेवी नेताम ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। फूलो देवी नेताम ने राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नेट्‌टा डिसूजा को अपना इस्तीफा भेज दिया है।

इस्तीफे में फूलो देवी नेताम ने लिखा है कि, 'मुझे छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर काम करने का मौका मिला। समय-समय पर मार्गदर्शन मिलता रहा। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की सभी महिलाओं की आभारी हूं जिन्होंने मुझे इतना प्यार दिया। जिनके सहयोग से ही मैं अपना कार्यकाल संपन्न कर चुकी हूं।'

फूलो देवी ने आगे लिखा, 'छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा के पद पर मुझे 7 साल हो चुके हैं, और मेरा यह मानना है कि इस पद पर अब किसी अन्य महिला साथी को काम करने का मौका मिलना चाहिए। अतः आपसे अनुरोध है कि मुझे छत्तीसगढ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा के पद से कार्यमुक्त करने का कष्ट करें। मैं पार्टी को मजबूत करने के लिए समर्पित कार्यकर्ता के रूप में कार्य करती रहूँगी। आशा है कि आप भी मेरे निर्णय से सहमत होंगे।'

फूलो देवी नेताम जो कि राज्यसभा सांसद भी हैं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में पिछले 7 सालों से लगातार महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रही हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही कांग्रेस पार्टी उन्हें कोई दूसरा पद सौंपेगी।