घरेलू बाजार पर जियोपॉलिटिकल टेंशन का असर, सेंसेक्स 750 अंक लुढ़का, निफ्टी में भी 240 अंक की गिरावट

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर मार्केट में भारी गिरावट, सेंसेक्स 750 अंक से ज्यादा लुढ़का, फार्मा और हेल्थकेयर छोड़कर सभी सेक्टर्स में बिकवाली

Updated: Aug 02, 2024, 02:40 PM IST

मुंबई। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार (2 अगस्त) को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच सेंसेक्स 750 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 81,100 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी में 240 अंक से ज्यादा की गिरावट है, ये 24,770 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

आज के कारोबार में सेंसेक्स के 30 शेयरों में 27 में गिरावट और केवल 3 में तेजी है। वहीं, निफ्टी के 50 शेयरों में से 43 में गिरावट और 7 में तेजी है। फार्मा और हेल्थकेयर छोड़कर NSE के सभी सेक्टर में गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं, फूड डिलीवरी करने वाली कंपनी जोमैटो के शेयर में आज 17% से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है। दरअसल, अप्रैल-जून तिमाही में जोमैटो का मुनाफा सालाना आधार पर 126.5 गुना बढ़कर 253 करोड़ रुपए हो गया है।

बता दें कि जियोपॉलिटिकल टेंशन के चलते दुनियाभर के बाजारों में बड़ी गिरावट हुई है और भारतीय शेयर मार्केट पर भी इसका साफ असर देखा जा सकता है। हिजबुल्ली के इजारयल पर हमले के चलते सेंसेक्स निफ्टी दोनों लुढ़क गए हैं। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 4.26 लाख करोड़ रुपये घट गया है यानी मार्केट खुलते ही निवेशकों को 4.26 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

इससे पहले कल अमेरिकी शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली थी। 1 अगस्त को अमेरिकी बाजार का डाओ जोंस 1.21% गिरकर 40,347 पर बंद हुआ। आज एशियाई बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। जापान के निक्‍केई में 4.89% और हॉन्गकॉन्ग के हैंगसेंग में 1.92% की गिरावट है। चीन के शंघाई कंपोजिट में भी 0.47% की गिरावट है।