देवानंद का जन्मदिन है, तोहफा उन्हें मिलना था, दादा साहब फाल्के अवॉर्ड मिलने पर बोलीं वहीदा रहमान

वहीदा रहमान को अवार्ड मिलने पर उनका भी रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने इस मौके पर बॉलीवुड के सबसे महान एक्टर देव साहब को याद किया। क्योंकि इस अवॉर्ड की घोषणा देव आनंद की 100वीं जन्मदिन पर की गई।

Updated: Sep 27, 2023, 02:15 PM IST

वहीदा रहमान हिंदी सिनेमा की उम्दा अदाकारा हैं। वो लगभग 7 दशकों से फिल्मी दुनिया में काम कर रही हैं। अपने इतने लंबे करियर में उन्होंने गाइड, रेश्मा और शेरा, प्यासा और रंग दे बसंती जैसी हिट फिल्मों में काम किया हैं। वहीं इस साल उन्हें सिनेमा में उनके योगदान के लिए उन्हें दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से नवाजा जाएगा। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी दी है। जिसके बाद वहीदा रहमान अब सुर्खियों में है। अवार्ड मिलने पर उनका भी रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने इस मौके पर बॉलीवुड के सबसे महान एक्टर देव साहब को याद किया। क्योंकि इस अवॉर्ड की घोषणा देव आनंद की 100वीं जन्मदिन पर की गई। 

क्या बोलीं वहीदा ?

एक इंटरव्यू में अपनी खुशी जताते हुए वहीदा रहमान ने कहा कि ये उनके लिए ये बड़े सम्मान की बात है कि भारत सरकार ने उन्हें इस सम्मान के लिए चुना है। आगे उन्होंने कहा कि, “इस सम्मान ने मुझे काफी खुशी दी है, क्योंकि इसका ऐलान मेरे फेवरेट को-स्टार दिवंगत देव साहब के 100वें जन्मदिन पर हुआ है।

मुझे लगता है तोहफा उन्हें मिलना था और मुझे मिल गया।” इसके अलावा उन्होंने पूरी फिल्म बिरादरी और अपने फैंस का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि वो भगवान, दोस्त और परिवार सभी की शुक्रगुजार हैं।

कैसे हुई थी करियर की शुरुआत?  

वहीदा रहमान ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत तेलुगू फिल्मों से की थी। उन्होंने कई तेलुगू फिल्मों में काम किया और उसके बाद 1956 में रिलीज हुई फिल्म सीआईडी से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में देव आनंद भी थे। फिल्म का डायरेक्शन राज खोसला ने किया था। हिंदी सिनेमा में डेब्यू करने के बाद उन्होंने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपने करियर में गुरु दत्त से लेकर अमिताभ बच्चन तक कई बड़े सितारों के साथ काम किया। प्यासा, कागज के फूल, चौदहवीं का चांद उनकी कुछ शानदार फिल्में हैं। इसके साथ ही उन्हें वर्ष 2013 में भारतीय फिल्म व्यक्तित्व के लिए शताब्दी पुरस्कार, फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्होंने अपने फिल्मी करियर में फिल्मफेयर लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, बेस्ट एक्ट्रेस नेशनल अवार्ड और बतौर सर्वश्रेष्ठ एक्ट्रेस दो फिल्मफेयर अवार्ड्स जीते हैं। उन्हें विभिन्न मीडिया आउटलेट्स द्वारा बॉलीवुड की "सबसे खूबसूरत" अभिनेत्री के रूप में उद्धृत किया गया है।