International Flights : 15 जुलाई तक जारी रहेगा प्रतिबंध

यह प्रतिबंध कार्गो ऑपरेशंस और DGCA से अनुमति प्राप्त उड़ानों पर लागू नहीं होगा

Publish: Jun 27, 2020, 08:08 AM IST

रेलवे के बाद अब केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध को भी बढ़ा दिया है। शुक्रवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा इस बाबत आदेश जारी किया गया है, जिसके मुताबिक कमर्शियल अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्राओं पर प्रतिबंध 15 जुलाई तक लागू रहेगा। हालांकि, डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने कहा है कि स्थितियों के अनुसार चयनित मार्गों पर कुछ अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं को संचालन की अनुमति दी जा सकती है। इस दौरान डॉमेस्टिक फ्लाइट्स भी चालू रहेंगे। इसके पहले गुरुवार को भारतीय रेलवे ने सर्कुलर जारी कर कहा था कि सभी नियमित ट्रेनें 12 अगस्त तक कैंसिल कर दी गयी है।

25 मार्च से बंद हैं इंटरनेशनल फ्लाइट्स

वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के मद्देनजर पूरे देश में 25 मार्च से लॉकडाउन लागू किया गया था। लेकिन इंटरनेशनल कमर्शियल फ्लाइट्स को भारत सरकार ने इसके दो दिन पहले ही बंद कर दिया था। पहले यह प्रतिबंध एक सप्ताह के लिए लगाया गया था लेकिन लगातार बढ़ रहे मामलों के अनुसार इसे बढ़ाया जाता रहा। ऐसे में विदेशी यात्रियों को भारत आने और भारतीय यात्रियों को विदेश जाने पर रोक था। हालांकि इस दौरान वंदे भारत मिशन के अंतर्गत भारतीय नागरिकों को दुनियाभर के विभिन्न देशों से भारत लाया गया। 

देशभर में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों ने भारत में यातायात साधनों को काफी प्रभावित किया है। रेल यातायात और हवाई सेवाएं तो प्रभावित हुई ही हैं। सार्वजनिक परिवहन के लगभग सभी साधनों में सफर करना मुश्किल हुआ है। इस बीच पेट्रोल डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम निजी सवारी को भी प्रभावित किया है।