ऊफा। रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी ऊफा से 7 फरवरी को एक बेहद गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई है। यहां स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के हॉस्टल में एक 15 वर्षीय किशोर ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कम से कम छह लोग घायल हुए हैं। जिनमें चार भारतीय छात्र और दो रूसी पुलिसकर्मी शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और रूसी प्रशासन ने उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी हॉस्टल परिसर में घुसा और छात्रों पर अंधाधुंध चाकू से वार करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमला इतना अचानक और हिंसक था कि हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई। रूसी टीवी चैनल रेन टीवी से बात करने वाले छात्रों ने बताया कि इमारत के अंदर हर तरफ खून फैला हुआ था। एक रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि हॉस्टल की दीवार पर नाजी स्वास्तिक का निशान बना मिला जिसे कथित तौर पर एक घायल छात्र के खून से बनाया गया था।
रूस के गृह मंत्रालय के अनुसार, जब पुलिस आरोपी को पकड़ने पहुंची तो उसने गिरफ्तारी का विरोध किया और दो पुलिसकर्मियों पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस झड़प में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। उसे गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि, तीन अन्य की स्थिति स्थिर बनी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी का संबंध प्रतिबंधित नियो-नाजी संगठन नेशनल सोशलिज्म / व्हाइट पावर (NS/WP) क्रू से बताया जा रहा है जिसे स्पैरो क्रू के नाम से भी जाना जाता है। रूस की सुप्रीम कोर्ट ने इस संगठन को साल 2021 में आतंकी संगठन घोषित कर दिया था। यह समूह पहले भी पत्रकारों और अल्पसंख्यकों पर हमलों को लेकर चर्चा में रहा है। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान आरोपी ने राष्ट्रवादी और यहूदी विरोधी नारे भी लगाए थे। जिनमें होलोकॉस्ट से जुड़े नारे भी शामिल थे। हालांकि, रूसी अधिकारियों ने अभी तक हमले के मकसद की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इस घटना में भारतीय छात्रों के घायल होने की पुष्टि मास्को स्थित भारतीय दूतावास ने भी की है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि ऊफा में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में चार भारतीय छात्रों सहित कई लोग घायल हुए हैं। दूतावास लगातार रूसी अधिकारियों के संपर्क में है और काजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायल छात्रों की मदद के लिए ऊफा रवाना हो रहे हैं।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक चाकू लेकर सीधे यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के हॉस्टल के स्पोर्ट्स हॉल में घुसा और वहां मौजूद छात्रों पर हमला कर दिया। रूसी वेबसाइट RTVI ने गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरिना वोल्क के हवाले से बताया कि हमलावर ने पुलिस कार्रवाई के दौरान भी हिंसक रवैया अपना लिया था।
इस बीच रूसी टेलीग्राम चैनलों पर यह अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि हमले में एक से अधिक हमलावर शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अधिकारियों ने फिलहाल केवल एक 15 वर्षीय किशोर की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। घटना ऊफा शहर में हुई जो मॉस्को से करीब 1,200 किलोमीटर दूर स्थित है। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की गहराई से जांच कर रही हैं कि क्या यह हमला किसी संगठित चरमपंथी साजिश का हिस्सा था या फिर आरोपी ने यह वारदात अकेले अंजाम दिया।