विदेश दौरे पर जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी, मई में फ़्रांस और पुर्तगाल यात्रा प्रस्तावित

प्रधानमंत्री मोदी के विदेशी दौरे से पहले फ्रांस के विदेश मंत्री भारत आएंगे, 13 से 15 अप्रैल के बीच भारत, ऑस्ट्रेलिया और फ्रांस के विदेश मंत्रियों की मुलाकात होगी

Updated: Apr 04, 2021, 01:54 PM IST

Photo Courtesy: The Federal News
Photo Courtesy: The Federal News

नई दिल्ली। विधानसभा चुनावों के परिणाम आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर विदेशी यात्रा पर जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी मई महीने में यूरोप के दौरे पर जाएंगे। इसी दौरान मोदी पुर्तगाल और फ्रांस जाएंगे। मोदी 8 मई को पुर्तगाल में भारतीय यूरोपियन यूनियन की बैठक में शिरकत करेंगे। 

पुर्तगाल में होने वाली बैठक में शिरकत करने के बाद मोदी फ्रांस जाएंगे। इससे पहले मोदी 2019 में फ्रांस के दौरे पर गए थे। हालांकि मोदी के फ्रांस जाने से पहले ही इसी महीने फ्रांस के विदेश मंत्री भारत आने वाले हैं। जहां 13 से 15 अप्रैल के बीच भारत, ऑस्ट्रेलिया और फ्रांस के विदेश मंत्रियों के बीच बातचीत होनी है। वहीं 5 से 7 अप्रैल के बीच बंगाल की खाड़ी में भारत और फ्रांस के बीच युद्धाभ्यास भी होना है। 

भारत और फ्रांस के बीच हुए बहुचर्चित और विवादित राफेल विमान का समझौता हुआ है। फ्रांस ने 36 राफेल विमानों में से कुल 21 विमान अब तक भारत के हवाले कर दिए हैं। बाकी बचे विमानों के भी अप्रैल और मई महीने के बीच भारत आने की संभावना है।  

मोदी के फ्रांस दौरे के बाद इस वर्ष के अंत तक उनके डेनमार्क और इटली के दौरे पर भी जाने की संभावना है। इसके अलावा ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन भी 26 अप्रैल को भारत आने वाले हैं। जॉनसन के दौरे को भारत में चल रहे कृषि कानूनों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। बोरिस जॉनसन 26 जनवरी के अवसर पर भारत के मुख्य अतिथि थे। लेकिन उस दौरान इंगलैंड में बढ़ रहे कोरोना के मामलों का हवाला देकर भारत आने में असमर्थता जताई थी। प्रधानमंत्री मोदी भी जून में जी 7 के समिट में हिस्सा लेने के लिए इंग्लैंड जाने वाले हैं।