ईरान-अमेरिका शांति समझौते से शेयर मार्केट में रौनक, सेंसेक्स 1200 अंक चढ़ा, निफ्टी में भी तूफानी तेजी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ शांति समझौता पूरा होने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोलने की घोषणा के बाद सोमवार को सेक्स और निफ्टी 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ खुले।

Updated: Jun 15, 2026, 01:28 PM IST

अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म होने की खबर का असर अब दुनिया भर के बाजारों में साफ दिखाई देने लगा है। कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट के बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और भारतीय शेयर बाजार ने भी आज यानी 15 जून को दमदार शुरुआत की है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1200 अंकों से ज्यादा चढ़ गया, जबकि निफ्टी में भी शानदार तेजी देखने को मिली। ग्लोबल मार्केट से मिल रहे मजबूत संकेतों ने निवेशकों का जोश हाई कर दिया है।

सेंसेक्स अभी 1200 अंक यानी 1.50 फीसदी की तेजी के साथ 76,700 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 350 अंकों यानी 1.53 फीसदी की तेजी है, ये 23,985 के स्तर पर आ गया है। ऑटो, बैंक और रियल्टी शेयर्स में सबसे ज्यादा खरीदारी का ट्रेंड है। इधर, होर्मुज स्ट्रेट को खोले जाने की खबर के चलते ब्रेंट क्रूड यानी कच्चे तेल के दाम में आज 4 फीसदी की गिरावट है। यह 83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है।

इससे पहले शुक्रवार यानी 12 जून को भी शेयर बाजार में तूफानी तेजी रही थी। सेंसेक्स 1,695 अंक उछलकर 75,527 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 461 अंक की तेजी रही थी, ये 23,622 के स्तर पर बंद हुआ था। बाजार में यह तेजी ऐसे समय आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर समझौते की घोषणा हुई है। निवेशकों का मानना है कि इस समझौते से ग्लोबल टेंशन कम होगी और एनर्जी मार्केट पर दबाव घटेगा। यही वजह है कि दुनियाभर के शेयर बाजारों में राहत की लहर देखने को मिल रही है।