रूस ने एक बार फिर दी तीसरे विश्वयुद्ध की धमकी, विदेश मंत्री ने कहा- इसे हल्के में न ले दुनिया

रूस के विदेश मंत्री ने चेतावनी दी है कि यूक्रेन विवाद के चलते तीसरा विश्व युद्ध हो सकता है, यूक्रेन से युद्ध के बीच यह तीसरी बार है जब रूस ने थर्ड वर्ल्ड वॉर की धमकी दी है

Updated: Apr 26, 2022, 09:55 AM IST

मास्को। रूस और यूक्रेन के बीच दो महीने से अधिक समय से युद्ध चल रहा है। दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में शुमार रूस को इस युद्ध में भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इसी बीच रूसी विदेश मंत्री ने विश्व युद्ध की धमकी दे डाली है। उन्होंने कहा है कि दुनिया विश्व युद्ध की चेतावनियों को हल्के में न ले।

रूस के विदेश मंत्री सर्जेव लैव्रोव ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी देश जो यूक्रेन को हथियार भेज रहे हैं, वह रूस के सैन्य ठिकानों को निशाना बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह तीसरे विश्व युद्ध का असल खतरा बन सकते हैं। रूस की न्यूज़ एजेंसी के माध्यम से विदेश मंत्री लावरोव ने पश्चिमी देशों को चेतावनी देते हुए कहा कि तीसरे विश्वयुद्ध का खतरा वास्तविक है और यह गंभीर है। साथ ही उन्होंने शांतिवार्ता को लेकर यूक्रेन के रवैये की भी आलोचना की। लावरोव ने कहा कि यह खतरा वास्तविक है, आप इसे कम नहीं आंक सकते।

यह भी पढ़ें: इमैनुअल मैक्रों के दोबारा राष्ट्रपति बनते ही फ्रांस में दंगे शुरू, पीएम मोदी बोले- मेरे मित्र को बधाई

हालांकि विदेश मंत्री ने कहा कि यूक्रेन से बातचीत जारी रहेगी। उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की पर आरोप लगाया कि वह ऐसा दिखा रहे हैं कि वह समझौता करने के लिए तैयार हैं। लेकिन उनके बातों में आप हजारो विरोधाभास देखेंगे। जेलेंस्की महीनों से पश्चिमी देशों से भारी हथियार की मांग कर रहे हैं। इसमे आर्टिलरी, फाइटर जेट आदि शामिल हैं। बता दें कि जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से कहा है कि अगर उनके पास और अधिक हथियार हों तो उनकी सेना युद्ध का रुख बदल सकती है।

विश्व युद्ध को लेकर रूस की चेतावनी ने वैश्विक समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। यूक्रेन से चल रहे युद्ध के बाद रूस ने तीसरी बार विश्वयुद्ध के संकेत दिए हैं। इस महीने की शुरुआत में काला सागर में तैनात रूसी समुद्री बेड़े के एक प्रमुख युद्ध पोत ‘मोस्कवा’ के यूक्रेन हमले में डूबने के साथ ही रूस की सरकारी टीवी चैनल ने तीसरे विश्व युद्ध की घोषणा कर दी थी। मार्च में भी रूस ने दुनिया को तीसरे विश्व युद्ध की धमकी देते हुए परमाणु युद्ध छेड़ने की बात कही थी। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के रुख को देखते हुए माना जा रहा है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं निकला तो परमाणु युद्ध शुरू हो सकता है।