सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल ले गई पुलिस, CJP फाउंडर दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की

अभिजीत दीपके ने कहा कि पुलिस ने सोनम सर को गालियां दीं और घसीटकर जबरन अस्पताल ले गए। पुलिस ने मेरे साथ भी मारपीट की। हम पीएम मोदी के इस्तीफे की मांग करते हैं।

Updated: Jul 18, 2026, 12:47 PM IST

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर आमरण अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस उठाकर अस्पताल ले गई है। उन्हें पुलिस ने जबरन सफदरजंग अस्पताल में एडमिट कराया है। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उनका कहना है कि मेरा यह आमरण अनिश्चितकालीन है।

वांगचुक पेपर लीक मामले की जांच और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 20 दिन से अनशन कर रहे थे। इस वजह से उनकी सेहत लगातार गिरती जा रही थी। उनका वजन करीब 9.5 किलो कम हो गया है। इसे लेकर दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को केंद्र और दिल्ली सरकार को आदेश दिया था कि वांगचुक का रोजाना मेडिकल चेकअप किया जाए और जरूरत पड़ने पर उनका इलाज कराया जाए।

सोनम वांगचुक को पुलिस शनिवार सुबह धरनास्थल से उठा ले गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस का विरोध किया, जिससे वहां हंगामा हो गया। इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सोनम सर को गालियां दीं और घसीटकर जबरन अस्पताल ले गए। पुलिस ने मेरे साथ भी मारपीट की। हम पीएम मोदी के इस्तीफे की मांग करते हैं।

अभिजीत दीपके ने कहा, 'मैं आज से अपना अनशन शुरू कर रहा हूं। 20 जुलाई को हमारा मार्च भी होगा और मेरा अनशन जारी रहेगा। ये लोग सोचते हैं कि सोनम सर को अंदर ले जाकर और यहां से उठाकर वे प्रोटेस्ट खत्म कर देंगे  आंदोलन खत्म नहीं होगा।' पत्रकारों से बातचीत करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि 'सोनम सर को घसीटकर ले जाया गया है और गाली-गलौज करने और यहां से ले जाने की जो कायरतापूर्ण हरकत की गई है, उससे यह आंदोलन खत्म नहीं होगा। यह प्रोटेस्ट जारी रहेगा। हम यहीं रहेंगे। अब 20 तारीख को यहीं से पार्लियामेंट तक मार्च शुरू होगा। पुलिसवालों ने गुंडों वाली हरकत की है।