शिवपुरी में भांग मिली ठंडाई पीने से 100 लोगों की तबियत बिगड़ी, महाशिवरात्रि पर प्रसाद के रूप में बांटी गई थी ठंडाई

ठंडाई पीने के बाद 20 बच्चों समेत 100 से ज्यादा लोगों की हालत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त के बाद हालत बिगड़ने पर इन सभी लोगों को शिवपुरी के जिला अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा।

Updated: Feb 19, 2023, 10:25 AM IST

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में भव्य तरीके से महाशिवरात्रि मनाई गई। इस दौरान शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही और मंदिरों में प्रसाद के रूप में ठंडाई बांटी गई। भांग युक्त ठंडाई पीने से यहां 100 से अधिक लोग बीमार भी हो गए। इनमें 20 बच्चे और दो दर्जन से अधिक महिलाएं भी शामिल हैं। उल्टी-दस्त के बाद हालत बिगड़ने पर इन सभी लोगों को शिवपुरी के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के मुताबिक शहर के फतेहपुर क्षेत्र में आशीर्वाद हॉस्पिटल के सामने सोमेश्वर धाम मंदिर पर पर्व मनाया जा रहा था। इस शिव मंदिर में सैकड़ों की संख्या में आस-पास के क्षेत्रों से महिला, पुरुष सहित बच्चे दर्शन के लिए पहुंचे थे। रात्रि में आयोजकों के द्वारा भांग मिली ठंडाई के प्रसाद के वितरण का आयोजन रखा गया था। ठंडाई का प्रसाद पाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी थी। ठंडाई पीने के वालों को एकाएक उल्टी-दस्त होने लगे थे।

यह भी पढ़ें: CM शिवराज के गढ़ बुधनी पहुंचे दिग्विजय सिंह, मंडलम सेक्टर की बैठक में हुए शामिल

स्थानीय लोगों ने बताया कि ठंडाई पीने के थोड़ी देर बाद ही लोगों को उल्टी दस्त होने लगे। ठंडाई में मिलावटी दूध के होने की आशंका जताई जा रही है क्योंकि शिवपुरी शहर में दो दिन से डेयरी वाले हड़ताल पर है। जिसके कारण स्थानीय लोगों ने किसी दुकानदार के यहां से मिलावटी दूध ले लिया, जिससे लोगों की हालत खराब हो गई। जिला अस्पताल में इलाज करने वाले डॉक्टर ने बताया कि मिलावटी पदार्थ से इनकी हालत बिगड़ी है। डॉक्टर ने बताया कि भर्ती लोगों का इलाज किया जा रहा है, फिलहाल सभी लोगों की स्थिति ठीक है।