जटायु संरक्षण केंद्र से वन विहार लाए गए सफेद पीठ वाले 20 गिद्ध, 1100 KM की यात्रा कर भोपाल पहुंचे

गिद्धों को यहां 45 दिन तक क्वारेंटाइन रखा जाएगा। इसके बाद गिद्ध संरक्षण एवं संवर्धन केंद्र की एवरी में छोड़ा जाएगा।

Updated: Jun 25, 2023, 12:41 PM IST

भोपाल। वल्चर स्टेट मध्य प्रदेश में अब सफेद पीठ वाले गिद्धों का भी आगमन हो गया है। भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क में शनिवार को हरियाणा से सफेद पीठ वाले 20 गिद्ध लाए गए। ये सभी 1100 किलोमीटर की यात्रा कर भोपाल पहुंचे हैं।

पिंजौर हरियाणा स्थित जटायु गिद्ध संवर्धन केंद्र से 20 व्हाइट रम वल्चर (सफेद पीठ वाले गिद्ध) वन विहार लाए गए हैं। उन्हें फिलहाल गिद्ध संवर्धन केंद्र केरवा के क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। इनमें 5 नर एवं 5 मादा, 10 सब एडल्ट गिद्ध है। 

जानकारी के मुताबिक इन्हें विशेष रूप से तैयार किए गए क्रेट्स में रखकर सड़क मार्ग से लगभग 1100 किलोमीटर की यात्रा के बाद वल्चर विशेषज्ञ रोहन एवं वेटरनरी डॉ. रजत कुलकर्णी भोपाल लेकर पहुंचे। सभी गिद्ध भोपाल पहुंचने पर स्वस्थ पाए गए। 

वन विहार पद्माप्रिया बालाकृष्णन की उपस्थिति में उन्हें क्वारेंटाइन एवरी में सुरक्षित छोड़ा गया है। इन्हें 45 दिन दिवस क्वारेंटाइन में रखने के बाद केरवा स्थित गिद्ध संरक्षण एवं संवर्धन केंद्र की एवरी में छोड़ा जाएगा।