संसद की सुरक्षा में चूक के बाद मध्य प्रदेश में अलर्ट, विधानसभा सत्र में सख्त रहेगी सिक्योरिटी

18 दिसंबर से MP विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने वाली है। उससे पहले ही सुरक्षा को और सख्त कर दिया गया है।

Updated: Dec 16, 2023, 01:18 PM IST

भोपाल। संसद में सुरक्षा चूक की घटना को लेकर देशभर में सियासत गर्म है। इस घटना के बाद अब मध्य प्रदेश सरकार अलर्ट पर है। मध्य प्रदेश विधानसभा में होने वाले शीतकालीन सत्र के लिए सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। विधानसभा की सुरक्षा इंतजाम को और सख्त किया गया है। इतना ही नहीं आगामी सत्र में विधायक की अनुशंसा पर एक ही व्यक्ति को प्रवेश मिलेगा।

दरअसल, संसद में हुई घटना के बाद राज्यों के विधानसभा में सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में आगामी एमपी विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए सुरक्षा को और सख्त कर दिया गया है। एक विधायक की अनुशंसा पर अब एक ही व्यक्ति को विधानसभा में प्रवेश मिलेगा। इतना ही नहीं कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही अंदर एंट्री मिलेगी। विधानसभा परिसर में प्रवेश करने वाले सभी व्यक्तियों को अपना परिचय पत्र लाना भी अनिवार्य होगा।

मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 दिसंबर से शुरू हो रहा है। विधानसभा के पहले सत्र में विधायकों का शपथ ग्रहण होगा। इस क्षण का गवाह बनने के लिए विधायकों के परिजन आना चाहेंगे। ऐसे में तय किया गया है कि दर्शक दीर्घा में एक विधायक के अनुशंसा पर सिर्फ एक व्यक्ति को ही दर्शक दीर्घा के लिए प्रवेश दिया जाएगा।

मध्य प्रदेश की 16वीं विधानसभा का पहला सत्र 18 दिसंबर से 21 दिसंबर तक चलेगा। चार दिवसीय सत्र में विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। इस दौरान नवनिर्वाचित सदस्यों को प्रोटेम स्पीकर गोपाल भार्गव द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। इस सत्र के लिए अब तक 210 विधायकों ने पंजीयन करा लिया है।