मंडीदीप में एलपीजी एजेंसी पर प्रशासन की कार्रवाई, खुले में रखे मिले सैकड़ों गैस सिलेंडर

मंडीदीप के सेक्टर-सी स्थित एक एलपीजी एजेंसी पर प्रशासन ने निरीक्षण के दौरान कार्रवाई की। एजेंसी परिसर में बड़ी संख्या में कमर्शियल गैस सिलेंडर नियमों के विपरीत खुले में रखे पाए गए।

Updated: Mar 15, 2026, 04:22 PM IST

मंडीदीप। राजधानी भोपाल के समीप मंडीदीप क्षेत्र में गैस सिलेंडरों के भंडारण में नियमों की अनदेखी सामने आने पर प्रशासन ने एक एलपीजी एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में सिलेंडर खुले में रखे पाए गए जिसे लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन माना गया। अधिकारियों ने मौके पर सिलेंडरों को जब्त कर पंचनामा तैयार किया।

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-सी प्लॉट नंबर 15 स्थित एजेंसी का निरीक्षण किया गया। यह एजेंसी विनोद कुमार जैन द्वारा चलाया जा रहा है। वह एचपीसीएल कंपनी के कमर्शियल गैस सिलेंडरों के अधिकृत डीलर बताए गए हैं। जांच के दौरान एक ट्रक में 47.2 किलोग्राम क्षमता के 85 सिलेंडर रखे मिले थे।

जांच में यह भी सामने आया कि ये सिलेंडर 13 मार्च को होशंगाबाद की सिक्योरिटी पेपर मिल को सप्लाई के लिए एजेंसी को मिले थे लेकिन उन्हें तय स्थान तक भेजने के बजाय परिसर में ही रखा गया था। इसके अलावा परिसर में 19 किलोग्राम क्षमता के 115 सिलेंडर और 5 किलोग्राम के 10 सिलेंडर (इनमें 5 भरे और 5 खाली थे) भी पाए गए। ये सभी सिलेंडर गोदाम में सुरक्षित रखने के बजाय खुले स्थान पर रखे हुए थे। अधिकारियों ने इसे गैस एजेंसी की लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन मानते हुए मौके पर मौजूद सिलेंडरों को जब्त कर लिया और पंचनामा तैयार किया। बाद में इन्हें एजेंसी संचालक की सुपुर्दगी में रखा गया है।

यह कार्रवाई कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर की गई थी। मौके पर राजस्व अधिकारी चंद्रशेखर श्रीवास्तव, जिला आपूर्ति अधिकारी राजू कातुलकर, तहसीलदार हेमंत शर्मा, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी प्रताप सिंह, सहायक आपूर्ति अधिकारी संगीता और थाना प्रभारी रंजीत सराठे मौजूद थे। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।