4 अगस्त को जबलपुर आएंगे अमित शाह, कांग्रेस बोली- हार की छटपटाहट साफ दिख रही है

मध्य प्रदेश में चुनाव से पहले ओपिनियन पोल ने उड़ाई भाजपा नेताओं की नींद, तमाम सर्वे रिपोर्ट्स दे रहे हैं कांग्रेस की सरकार बनने के संकेत, सरकार बचाने अमित शाह ने लगाई एड़ी-चोटी का जोर

Updated: Jul 31, 2023, 04:32 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव करीब चार महीने का समय ही बचा है। सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बीजेपी के अंदर चुनाव को लेकर ज्यादा हलचल है, क्योंकि तमाम ओपिनियन पोल्स भाजपा की हार के संकेत दे रहे हैं। ऐसे में अब चुनाव अभियान का कमान स्वयं गृह मंत्री अमित शाह ने अपने हाथों में ले ली है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4 अगस्त को जबलपुर दौरे पर आने वाले हैं। चार हफ्ते के भीतर केंद्रीय गृहमंत्री का एमपी में यह चौथा दौरा होगा।  इंदौर की तर्ज पर जबलपुर में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम होना है। इसमें गृहमंत्री अमित शाह पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। शाह भाजपा के निराश और हताश कार्यकर्ताओं में जान फूंकने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री शाह कल रविवार 30 जुलाई को इंदौर पहुंचे थे। जहां उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के चुनाव अभियान का आगाज किया था। इस दौरान शाह कार्यकर्ताओं से सक्रिय होने की मिन्नते करते हुए दिखे थे। प्रदेश में पीएम मोदी और शाह अचानक से एक्टिव हुए हैं। माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश में भाजपा की संभावित हार को टालने की कोशिश में है।

शाह के दौरे पर कांग्रेस ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा की हालत अब बुझते दिए की तरह हो गई है।गृहमंत्री अमित शाह को यकीन हो गया है कि अब प्रदेश में भाजपा का सफाया होने वाला है, इसलिए ही वो उग्र रुख अपना रहे हैं। उनकी हालत बुझने वाले दिये की तरह है जो बुझने से पहले बहुत फड़फड़ाता है। हार की छटपटाहट उनके चेहरे पर साफ दिख रही है। इसी छटपटाहट के कारण वह हर हफ्ते मध्य प्रदेश आ रहे हैं। हालांकि, इससे भाजपा को कोई फायदा नहीं होने वाला। मध्य प्रदेश की जनता कांग्रेस को प्रचंड बहुमत देकर कमलनाथ जी को मुख्यमंत्री बनाने जा रही है।