भाजपा UP में अपने सभी वर्तमान सांसदों का टिकट काटने जा रही है, अखिलेश यादव का बड़ा दावा

भाजपा के सांसदों ने कभी अपने क्षेत्र की ओर मुड़ के नहीं देखा… उन्होंने परीक्षा दी नहीं तो रिपोर्ट कार्ड कहाँ से बनेगा… भाजपा के टिकट काटने से पहले जनता ने ही उनका नाम काट दिया है: अखिलेश यादव

Updated: Feb 02, 2024, 06:36 PM IST

लखनऊ। लोकसभा चुनाव से पहले देशभर में राजनीतिक हालात तेजी से बदल रहे हैं। केंद्र में सरकार बनाने के लिहाज से उत्तर प्रदेश बेहद अहम है। इस बार भी भाजपा यहां से अधिकांश सीटों पर विजय हासिल करने की जुगत में है। हालांकि, INDIA गठबंधन में सीट शेयरिंग फाइनल होने के बाद अब भाजपा की मुश्किलें बढ़ रही है। इसी बीच सपा नेता अखिलेश यादव ने एक दावे ने भाजपा खेमे में सनसनी मचा दी है।

अखिलेश यादव ने ट्वीट कर दावा किया है कि भाजपा उत्तर प्रदेश में सभी सांसदों का टिकट काटने वाली है। अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, 'सूत्रों के हवाले से पता चला है कि भाजपा उप्र में अपने सभी वर्तमान सांसदों का टिकट काटने जा रही है सिवाय एक को छोड़कर, लेकिन सुनने में आया है वो भी अपनी सीट बदल रहे हैं या फिर किसी सुदूर प्रदेश में एक अतिरिक्त सुरक्षित सीट ढूँढ रहे हैं। इसीलिए भाजपा उप्र में, लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा करने की स्थिति में नहीं है क्योंकि उनके वर्तमान सांसदों ने अपनी जेबें भरने के अलावा कोई भी काम नहीं किया है।'

अखिलेश यादव ने आगे लिखा, 'इसी वजह से जनता में भाजपा और भाजपाई सांसदों के ख़िलाफ़ बहुत गुस्सा है। इन विपरीत हालातों को देखते हुए भाजपा में नये प्रत्याशियों की खोज जारी है लेकिन कोई भी हारने के लिए नहीं लड़ना चाहता है, इसी कारण भाजपा की तरफ़ से एक भी प्रत्याशी का नाम सामने नहीं आ पा रहा है। भाजपा के सांसदों ने कभी अपने क्षेत्र की ओर मुड़ के नहीं देखा… उन्होंने परीक्षा दी नहीं तो रिपोर्ट कार्ड कहाँ से बनेगा… भाजपा के टिकट काटने से पहले जनता ने ही उनका नाम काट दिया है।' 

सपा नेता ने आखिर में लिखा कि इस बार उनके संसदीय क्षेत्र में भाजपाइयों को दाख़िला नहीं मिलेगा। उप्र की जनता इस बार जुमलेबाजों को नहीं, सच्चा और अच्छा काम करनेवालों को चुनेगी। अब PDA की एकता जागी छोड़ के यूपी बीजेपी भागी!' बहरहाल, अखिलेश यादव के दावे में कितनी सच्चाई है ये तो वक्त ही बताएगा। हालांकि, भाजपा के लिए यूपी में इस बार राह आसान नहीं है।