शिवा शर्मा हत्याकांड मामले में नागपुर से गिरफ्तार हुई मॉडल श्रद्धा दुबे, 11 दिन से थी फरार

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे को यूपी पुलिस और एसटीएफ ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

Updated: Oct 20, 2026, 05:42 PM IST

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे को यूपी पुलिस ने मंगलवार को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। श्रद्धा पर शिवा की हत्या करने का आरोप है। वह पिछले 11 दिनों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थी। इस मामले में श्रद्धा की बहन रश्मि और ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया गया है। शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा गिरफ्तारी से बचने के लिए लखनऊ से सीतापुर होते हुए बहराइच के रास्ते नेपाल पहुंच गई थी। वह 18 अक्टूबर को नेपाल से उत्तर प्रदेश लौटी और एक न्यूज एजेंसी ANI को इंटरव्यू दिया था। इसमें उसने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि शिवा ने उसकी आंखों के सामने बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगाई थी। इंटरव्यू के बाद भी पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी थी। जिसके बाद उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को उसकी तलाश में लगाया गया।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर मंदिर हादसे में 16वीं मौत, 78 वर्षीय प्रसाद विक्रेता ने इलाज के दौरान दम तोड़ा

फरारी के दौरान श्रद्धा दुबे ने 14 अक्टूबर को करीब 12 घंटे के भीतर तीन वीडियो जारी किए थे। इनमें उसने शिवा की मौत में अपनी भूमिका से इनकार करते हुए दावा किया था कि कारोबारी कर्ज के कारण परेशान था और उसने आत्महत्या की थी। श्रद्धा ने पुलिस से शिवा की कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच करने की मांग भी की थी।

पहले वीडियो में श्रद्धा ने बताया था कि 7 अक्टूबर से पहले करीब पांच से छह दिनों तक उसकी शिवा से बातचीत नहीं हुई थी। इसके बाद शिवा ने उसके ड्राइवर को फोन किया। श्रद्धा के मुताबिक, उस समय शिवा रो रहा था। उसने शिवा को दो बार कॉल किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। रात करीब दो बजे शिवा का दोबारा फोन आया। इसके बाद लोकेशन मिलने पर वह BMW कार से उससे मिलने पहुंचा था। श्रद्धा ने यह भी दावा किया कि शिवा ने बीयर पी रखी थी।

दूसरे वीडियो में श्रद्धा ने अपनी बहन रश्मि का बचाव किया था। उसका कहना था कि 8 अक्टूबर की सुबह उसकी बहन घर आई थी और उसका शिवा से कोई खास परिचय नहीं था। श्रद्धा ने दावा किया कि बहन की कॉल डिटेल की जांच से उसकी बात स्पष्ट हो सकती है।

यह भी पढ़ें:सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का भव्य आगाज, सैकड़ों साधु-संतों के साथ उज्जैन से अयोध्या के लिए रवाना हुए दिग्विजय सिंह

तीसरे वीडियो में श्रद्धा ने शिवा पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज होने की बात कही थी। उसके अनुसार, कर्ज देने वालों के लगातार फोन आने से शिवा परेशान रहता था। उसने दावा किया कि उसके पास कर्ज से संबंधित स्क्रीनशॉट मौजूद हैं और उसने शिवा का मोबाइल फोन पुलिस को भिजवा दिया है। श्रद्धा ने जांच एजेंसियों से फोन और कॉल रिकॉर्ड की जांच करने की अपील की थी।

शिवा शर्मा की मौत से पहले के दो वीडियो भी सामने आए थे। इनमें एक महिला शिवा को धमकाती और उससे पैसों की मांग करती दिखाई देती है। दावा किया गया कि वीडियो में नजर आने वाली महिला श्रद्धा दुबे है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

वीडियो में महिला सोने की तीन चेन और एक ब्रेसलेट चोरी होने का आरोप लगाते हुए शिवा से करीब छह लाख रुपये वापस करने की मांग करती सुनाई देती है। जवाब में शिवा पैसे लौटाने का भरोसा देता है। वह कहता है कि वह लिखकर देने को तैयार है और अपनी गाड़ी भी पैसे के बदले रखने की बात करता है। इन वीडियो के सामने आने के बाद मामले में पैसों के लेन देन और दोनों के बीच विवाद की परिस्थितियां जांच का अहम हिस्सा बन गई। हालांकि, वीडियो में दिखाई देने वाली घटनाओं और शिवा की मौत के बीच संबंध की पुष्टि जांच के आधार पर ही हो सकेगी।

यह भी पढ़ें:फ्रांस के बाद इटली में महंगाई के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन, भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी

शिवा शर्मा की 9 अक्टूबर को लखनऊ के हजरतगंज इलाके स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। वह पिछले करीब चार महीने से श्रद्धा दुबे के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। घटना के बाद शिवा का शव बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उसके शरीर पर केवल अंडरवियर था। चेहरे पर लिपस्टिक लगी हुई थी और शरीर के कई हिस्सों पर सिगरेट से जलाए जाने जैसे निशान मिलने की बात सामने आई थी। इन परिस्थितियों के चलते मामले ने गंभीर रूप ले लिया। शिवा की मां रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि श्रद्धा ने उनके बेटे को चौथी मंजिल से धक्का दिया था। उन्होंने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी।

श्रद्धा की तलाश के दौरान उसकी आखिरी लोकेशन आगरा में मिलने की जानकारी सामने आई थी। उसे बुर्का पहनकर एक CCTV कैमरे में भी देखा गया था। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर पहले कार से दिल्ली पहुंचे थे। इसके बाद तीनों ने फ्लाइट से महाराष्ट्र का रुख किया था। आखिरकार मंगलवार को नागपुर में श्रद्धा की गिरफ्तारी हुई। अब जांच में उसके बयानों, शिवा की मौत से पहले सामने आए वीडियो, पैसों के कथित विवाद और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल अहम होगी। श्रद्धा लगातार खुद को निर्दोष बताती रही है। जबकि, शिवा के परिवार ने उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होनी बाकी है।