बेटे ने की भागकर शादी तो लड़की के परिजनों ने पिता को पेड़ से बांधकर पीटा, फंदे पर झूलता मिला पति का शव पत्नी को हत्या की आशंका

छतरपुर के चंदला में ऊधा अहिरवार नामक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप

Updated: Mar 14, 2023, 08:34 AM IST

छतरपुर। छतरपुर में बेटे द्वारा भागकर शादी करने का बदला उसके पिता से लिया गया। लड़की के परिजनों ने लड़के के पिता को पेड़ से बांध कर पिटाई कर दी। इसके बाद पीड़ित को दो दिनों तक ज़ंजीर में जकड़ कर रखा गया। लड़की के परिजनों की यातना से परेशान पीड़ित व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। हालांकि पीड़ित की पत्नी ने अपने पति की हत्या का आरोप लगाया है। 

यह मामला छतरपुर के चंदला थाना क्षेत्र पंचमपुर का बताया जा रहा है। ग्रामीण उधा अहिरवार का बेटा अपने ही समाज की किसी लड़की के साथ शादी कर के फरार हो गया था। लड़की को भगाए जाने से गुस्साए परिजनों ने इसका बदला उधा अहिरवार से लिया और पेड़ से बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। 

बीते चार मार्च को उधा की पहले पिटाई की गई, उसके बाद अगले दो दिनों तक उसे पेड़ से ही बांधे रखा। पीड़ित की पत्नी सावित्री लगातार अपने पति को छोड़ देने की गिड़गिड़ाती रही लेकिन लड़की के परिजनों ने उसकी भी एक न सुनी। पत्नी सावित्री ने ख़ुद दो दिनों तक पेड़ से बंधे अपने पति को अपने हाथों से खाना खिलाया। 

दो दिनों बाद उधा को छोड़ दिया गया, जिसके बाद पति और पत्नी अपने घर चले गए। हालांकि शौच के लिए बाहर गई पत्नी जब पंद्रह मिनट के बाद घर पर लौटी तो उधा को देखकर वह दंग रह गई। पत्नी ने उधा को फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया। 

यह मामला सामने आने के बाद पुलिस ने लड़की के परिजनों पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में कुल छह लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। लेकिन सावित्री अपने पति की हत्या की आशंका जता रही है।