मानहानि मामले में विवेक तन्खा ने कोर्ट में दर्ज करवाए बयान, सीएम चौहान, वीडी शर्मा और भूपेंद्र सिंह की बढ़ सकती हैं मुश्किलें

जबलपुर के विशेष कोर्ट में तकरीबन डेढ़ घंटे तक वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने अपने बयान दर्ज करवाए, इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कोर्ट में तन्खा का पक्ष रखा।

Updated: Apr 29, 2023, 04:53 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा और मंत्री भूपेंद्र सिंह की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है। कांग्रेस नेता विवेक तन्खा की मानहानि मामले में आज जबलपुर कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान कांग्रेस सांसद ने अपने बयान दर्ज करवाए। खास बात ये है कि विवेक तन्खा की पैरवी करने जबलपुर जिला न्यायालय में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल पहुंच थे।

दरअसल पंचायत चुनाव के समय ओबीसी आरक्षण के मामले में सुप्रीम कोर्ट में एक केस चल रहा था। इस केस के बाद राज्य की शिवराज सरकार पंचायत चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण नहीं दे पाई थी। यानी प्रदेश सरकार सुप्रीम कोर्ट में मुकदमा हार गई थी। तब मध्य प्रदेश भाजपा के नेताओं ने हार के लिए विवेक तन्खा को जिम्मेदार माना था और चुनावी भाषाओं के दौरान उनपर आरोप लगाए थे। 

इस मामले में विवेक तन्खा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और मंत्री भूपेंद्र सिंह पर 10 करोड़ के मानहानि का केस दर्ज कराया है। जबलपुर के विशेष कोर्ट में तकरीबन डेढ़ घंटे तक वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने अपने बयान दर्ज करवाएं। इस दौरान कांग्रेस सांसद ने कहा कि मेरे साथ गलत हुआ है। इसी वजह से मैं न्यायालय में आया हूं, मेरे साथ न्याय होना चाहिए।

करीब डेढ़ घंटे तक बयान दर्ज होने के बाद कोर्ट से बाहर निकलते हुए राज्यसभा सांसद तन्खा ने कहा कि मेरे खिलाफ जो भी आरोप लगाए थे, वह पूरी तरह से अनर्गल थे, भाजपा ने मेरी बातों को तोड़ मरोड़ कर पेश किया था। उन्होंने कहा कि जैसा मेरे साथ हुआ है वैसा किसी के साथ ना हो इस वजह से मैं अब कानूनी लड़ाई लड़ रहा हूं। विवेक तन्खा की ओर से पैरवी करने पहुंचे वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि विवेक तन्खा का आज स्टेटमेंट रिकॉर्ड किया गया है हमने 3 लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया है।