MP फतह के लिए दिग्विजय सिंह के तूफानी दौरे, पांच विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित

शनिवार को नरसिंहपुर, सारंगपुर, ब्यावरा, राजगढ़ और खिचलीपुर विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचे दिग्विजय सिंह, कार्यकर्ताओं को दिए जीत का मंत्र, 130 से अधिक सीटें जीतने का दावा

Updated: Nov 04, 2023, 08:48 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश फतह के लिए कांग्रेस पार्टी ने पूरी जोर लगा दी है। पार्टी के शीर्ष नेता प्रदेशभर में दौरे कर रहे हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी तूफानी यात्रा पर हैं। शनिवार को दिग्विजय सिंह ने नॉनस्टॉप पांच विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिए। इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस 130 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाने जा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री शनिवार सुबह दस बजे ही हेलीकॉप्टर से भोपाल से रवाना हो गए। करीब साढ़े दस बजे वे नरसिंहगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक, मण्डलम, सेक्टर, बूथ कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की और उन्हें एकजुट रहने का संदेश दिया।
इसके बाद सिंह पचोर पहुंचे और यहां उन्होंने सारंगपुर विधानसभा के ब्लॉक, मण्डलम, सेक्टर, बूथ कार्यकर्ताओं के साथ। इसी तरह पूर्व सीएम ब्यावरा, राजगढ़ और खिलचीपुर में भी कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। 

सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर उनके सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा की जिसको जो जवाबदारी मिली है वो पूरी करे। अपने पोलिंग से कहीं और जाने की जरूरत नहीं है। सभी कार्यकर्ताओं को उन्होंने निर्देश दिए की मतदान वाले दिन वे शाम तक अपने पोलिंग पर रहें क्योंकि इस थोड़ी सी मेहनत से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। 

सारंगपुर के पचोर में सिंह ने मंच से सभी कार्यकर्ताओं को प्रण से जुट जाने और अंतिम दिन मतदाताओं से अपील कर कांग्रेस के पक्ष में वोट देने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि वोटिंग के दिन खासतौर से सावधान रहने की आवश्यकता है। पचोर में पत्रकारों से बात करते हुए सिंह ने 130 से ज्यादा सीट लाकर सरकार बनाने का दावा किया। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान पूर्व सीएम को पचोर के कालेज रोड पर रेलवे द्वारा मुख्य सड़क पर दीवार खड़ी करने के कारण उत्पन्न हुए समस्याओं से भी अवगत कराया।

यह भी पढ़ें: कमलनाथ ने मध्य प्रदेश की महिलाओं को लिखा पत्र, कहा- 1 जनवरी से 1500 रुपए प्रतिमाह खाते में जमा होने लगेंगे

इस दौरान पूर्व सीएम स्वयं मौके का मुआयना करने पहुंचे और लोगों से कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद मुख्य सड़क पर बनी दीवार को हटवाया जाएगा।
पूर्व सीएम ने इस दौरान राजगढ़ के सांसद रोडमल नागर पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पहले पीडीएस के गेहूं बेचते थे। अब कालोनी काट रहे हैं। सिंह की मौजूदगी में राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके पंकज यादव ने फिर से कांग्रेस का दामन थाम लिया। पंकज यादव ने साल 2014 में नगर पालिका चुनाव के दौरान कांग्रेस छोड़कर निर्दलीय जीत दर्ज की थी।