BJP MLA के घर कांग्रेसियों के स्वागत की भव्य तैयारी, दिग्विजय सिंह बोले- घुटने तोड़ने वाले ने घुटने टेके

रामेश्वर शर्मा के घर थोड़े देर में पहुंचेंगे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, बीजेपी नेता की सद्बुद्धि के लिए करेंगे राम धुन, रामेश्वर शर्मा बोले- हम स्वागत पलके बिछाए बैठे हैं

Updated: Nov 24, 2021, 06:45 AM IST

भोपाल। बीजेपी MLA द्वारा कांग्रेसियों के तोड़ने की धमकी ने प्रदेश का सियासी माहौल कर गरमा दिया है। अब से थोड़ी ही देर में कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के घर पहुंचेंगे। सिंह यहां शर्मा की सद्बुद्धि के लिए एक घंटे तक रामधुन करेंगे। कांग्रेस के दिग्गज नेता के स्वागत में बीजेपी विधायक ने भी भव्य तैयारियां की है। सिंह ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि घुटने तोड़ने वाले ने कांग्रेस के सामने घुटने टेक दिए हैं।

रामेश्वर शर्मा के घर कूच करने से पहले दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया, 'हिंसा पर अहिंसा की जीत। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घुटने तोड़ने वाले भाजपा विधायक ने कॉंग्रेसियों के सामने घुटने टेके!! कॉंग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए “हलुआ पुड़ी” का निमंत्रण। हे भाजपाईयों, हे संघियों सनातन धर्म का पालन करो। सत्य प्रेम अहिंसा व सद्भावना का पालन करो। हमारे सनातन धर्म का नारा है, धर्म की जय हो अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो। यही सनातनी परंपरा को गांधी जी ने हमें सिखाया है। गांधी की आवाज सुनो।'

 

उधर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के घर दिग्विजय सिंह के लिए भव्य स्वागत द्वारा बनवाया है। साथ ही सिंह के साथ आने वाले सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बैठने के लिए टेंट भी लगाए गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जलपान की भी खास व्यवस्था की गई है। बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने खुद कहा है कि वे सिंह की स्वागत में पलके बिछाए हुए हैं। 

दरअसल, बीते दिनों रामेश्वर शर्मा ने अपने एक हिंसक बयान में कांग्रेसियों को घुटने तोड़ने की धमकी दे डाली थी। इस पर दिग्विजय सिंह ने शर्मा को चुनौती देते हुए कहा था कि हिम्मत है तो मेरे घुटने तोड़ कर दिखाओ। उन्होंने यह भी कहा था कि 24 को तुम्हारे घर में घुसकर रामधुन करूंगा। सिंह के इस ऐलान के बाद माना जा रहा था कि 24 नवंबर को कांग्रेस और बीजेपी में भिड़ंत हो सकता है। हालांकि, बीजेपी विधायक इस मामले पर तत्काल बैकफुट पर आ गए और वे कांग्रेस नेताओं के स्वागत में लाखों रुपए खर्च कर तमाम व्यवस्था करने में जुट गए।