MP Election 2023: खातेगांव और बागली विधानसभा क्षेत्रों में दिग्विजय सिंह का दौरा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

बागली विधानसभा क्षेत्र के पुंजापुरा पहुंचे दिग्विजय सिंह, कहा- मध्य प्रदेश में बदलाव की बयार है,जनता परिवर्तन चाहती है। इस बार कांग्रेस मध्य प्रदेश में 130 से अधिक सीटें जीतने वाली है।

Updated: Nov 04, 2023, 08:48 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेताओं के प्रदेशभर में तूफानी दौरे हो रहे हैं। एक ओर पीसीएफ चीफ कमलनाथ ने शुक्रवार को जहां नीमच और मंदसौर में रैलियां की। वहीं पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह खातेगांव और बागली विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचे और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस 130 से अधिक सीटों पर विजय प्राप्त करेगी।

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे देवास जिले के कन्नौद पहुंचे। यहां उन्होंने खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक, मण्डलम, सेक्टर, बूथ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया और उन्हें एकजुटता का संदेश दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस उम्मीदवार दीपक जोशी को भारी मतों से जीत दिलाने के लिए बूथ स्तर तक सक्रिय होने और वचनपत्र को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

पूर्व सीएम दोपहर करीब एक बजे बागली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पुंजापुरा पहुंचे। यहां भी उन्होंने ब्लॉक, मण्डलम, सेक्टर, बूथ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और कांग्रेस प्रत्याशी गोपाल भोंसले को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। इस दौरान पार्टी के सभी पदाधिकारियों ने गोपाल भोंसले को साथ देने का वादा किया। बागली से कांग्रेस के टिकट के दस दावेदार थे। हालांकि, सिंह के दौरे के बाद सभी ने एकजुट होकर भाजपा के विरुद्ध लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया। 

बता दें कि खातेगांव और बागली दोनों उन 66 सीटों में से है जहां कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और इस बार स्वयं दिग्विजय सिंह ने इन सीटों की जिम्मेदारी ली है। सिंह ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कहा कि हमारी जीत का आधार केवल पोलिंग बूथ हैं। मंडलम सेक्टर और बीएलओ हर मतदाता तक अपनी पहुंच बनाएं और लोगों को बताएं की कमलनाथ की अल्प समय की सरकार में किस तरह किसानों का कर्जा माफ हुआ। उन्होंने नारी सम्मान योजना सहित कांग्रेस के वचन पत्र को जनता तक पहुंचाने की बात कही।

यह भी पढ़ें: हमारी सरकार धान के लिए 2500 रूपये और गेहूं के लिए 2600 रूपये समर्थन मूल्य देगी: कमलनाथ

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने बागली को जिला बनाने के लिए 62 दिनों तक चले आंदोलन का भी जिक्र किया। सिंह ने कहा की बागली को जिला बनाने की घोषणाओं के बाद भी उसका पालन नहीं हुआ। कांग्रेस सरकार बनते ही आयोग के माध्यम से समीक्षा कर तहसील और पटवारी हल्के का सीमांकन कर भौगोलिक दृष्टि से जहां आवश्यकता होगी वहां जिले बनाए जाएंगे। दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा की भाजपा आदिवासियों को वनवासी कहती है। लेकिन कांग्रेस उन्हें आदिवासी मानती है। आदिवासी वो होता है, जो अनादि काल से यहां निवास करता है। इस दौरान उन्होंने 15 महीने की सरकार में कांग्रेस की योजनाओं का भी जिक्र किया।