भोपाल में LPG संकट, बुकिंग के बाद 5-6 दिन तक नहीं मिल रहा सिलेंडर, एजेंसियों पर उमड़ रही भीड़

भोपाल में रसोई गैस आपूर्ति पर सवाल उठ रहे हैं। 50 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी 5-6 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। एजेंसियों के बाहर भीड़ बढ़ी है।

Updated: Mar 17, 2026, 02:04 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल में रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर सरकारी दावों और जमीनी हालात में बड़ा अंतर सामने आया है। शहर में 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी कई दिनों तक सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। जबकि, प्रशासन लगातार आपूर्ति सामान्य होने का दावा कर रहा है।

जमीनी स्तर पर स्थिति अलग नजर आ रही है। कई इलाकों में उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग कराने के बावजूद 5 से 6 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। जिसकी वजह से रोजमर्रा की रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसियां समय पर डिलीवरी नहीं कर पा रही हैं और समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

इस बीच जिला आपूर्ति विभाग ने सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कुछ होटल और रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर अधिकारियों ने करीब 45 सिलेंडर जब्त किए।

विभाग के अनुसार, सिलेंडर वितरण में देरी को लेकर अब तक करीब 160 उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी शिकायतों की जांच की जा रही है और जहां भी अनियमितता मिलेगी वहां के संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराना गैस एजेंसियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी एजेंसी की लापरवाही सामने आती है तो उसका लाइसेंस रद्द किया जा सकता है। प्रशासन ने व्यवस्था सुधारने के लिए निगरानी बढ़ाने की बात भी कही है।