भाजपा में गुटबाजी का मामला, पिपरिया में बीजेपी पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर दिया इस्तीफा

भाजपा के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष को हटाए जाने को लेकर प्रदेश अध्यक्ष पर भड़के बीजेपी पदाधिकारी, सोशल मीडिया पर जारी किया इस्तीफा।

Updated: Jun 06, 2023, 12:06 PM IST

पिपरिया। विधानसभा चुनाव से पूर्व मध्य प्रदेश बीजेपी में सिर-फुटव्वल जारी है। नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में भाजपा पदाधिकारियों ने प्रदेश नेतृत्व के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष को हटाए जाने को लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर इस्तीफा देना शुरू कर दिया है।

दरअसल, भाजपा के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष खूबचंद रघुवंशी को बिना किसी कारण से पदमुक्त किए जाने को लेकर भाजपा में गुटबाजी उभर कर सामने आने लगी है। सोशल मीडिया पर विरोध के स्वर खुलकर सामने आने लगे है। हटाए गए मंडल अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी से मिले और मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। वहीं फेसबुक पर भाजपा ग्रामीण मंडल के महामंत्री प्रीतम पुर्विया ने अपने दायित्व महामंत्री पद से इस्तीफा देने की भी बात कही।

इस संबंध में भाजपा के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि कार्यकर्ताओं से चर्चा की गई है। कार्यकर्ताओं के पदों, दायित्वों और जिम्मेदारियों का परिवर्तन होता रहता है। फेसबुक पर महामंत्री प्रीतम पुर्विया के इस्तीफा देने की पोस्ट डाली। इस पर सबनानी ने कहा की मैं उनसे चर्चा करता हूं। पुरविया के अलावा पार्टी के ग्रामीण मंडल सोशल मीडिया प्रभारी व युवा मोर्चा ग्रामीण मंडल सोशल मीडिया प्रभारी विनीत पथरिया ने सोशल मीडिया पर इस्तीफा देने का ऐलान किया है।