अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में खाद की कमी को लेकर किसानों का आक्रोश सोमवार को सड़कों पर दिखाई दिया। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर राजमाता चौराहे पर पहुंचे और प्रमुख मार्गों को अवरुद्ध कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का आरोप था कि समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से खेती का काम प्रभावित हो रहा है। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन ने हस्तक्षेप किया और किसानों को जल्द खाद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए प्रशासन पहले से सतर्क था। शहर के विभिन्न हिस्सों में बैरिकेडिंग कर यातायात के वैकल्पिक मार्ग तय किए गए थे। ताकि चक्काजाम के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो। किसानों के प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक चौराहे पर आवाजाही प्रभावित रही लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों और किसान प्रतिनिधियों के बीच बातचीत के बाद स्थिति सामान्य होने लगी।
यह भी पढ़ें:ट्विशा शर्मा केस: मुख्य गवाह नीरज पर समर्थ सिंह के दोस्तों ने किया हमला, गवाही न देने की दी धमकी
प्रशासन से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद किसानों को विदिशा रोड स्थित डबल लॉक केंद्र पर भेजा गया। यहां खाद वितरण के लिए टोकन जारी करने की व्यवस्था की गई और किसानों का पंजीयन शुरू किया गया। बड़ी संख्या में किसान केंद्र पर पहुंचे। वहां देर शाम तक खाद लेने और टोकन प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी रही थी।
केंद्र पर पहुंचे किसानों में से कुछ को उसी दिन खाद उपलब्ध करा दिया गया। जबकि, कई किसानों को केवल टोकन जारी किए जा सके। किसान संघ की ओर से मांग की गई कि जो किसान ट्रैक्टर लेकर खाद लेने पहुंचे हैं। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तुरंत खाद दिया जाए ताकि उन्हें दोबारा आने की जरूरत न पड़े।
किसानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने डबल लॉक केंद्र पर कई काउंटर स्थापित किए। इन काउंटरों के माध्यम से टोकन वितरण और खाद उपलब्ध कराने का काम एक साथ शुरू किया गया। अधिकारियों ने कुछ किसानों को तत्काल खाद दिया। जबकि, अन्य किसानों को अगले एक से दो दिनों के भीतर खाद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में नशीले कफ सिरप नेटवर्क का भंडाफोड़, STF ने जब्त की 23 हजार से ज्यादा बोतलें
भारतीय किसान संघ के जैविक प्रदेश मंत्री जगराम सिंह यादव ने बताया कि प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, करीब 2000 किसानों के टोकन बुक किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कई किसानों को अगले दिन के लिए टोकन जारी किए गए हैं। यादव के मुताबिक, अभी भी बड़ी संख्या में किसान केंद्र पर मौजूद हैं और सभी किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन के साथ लगातार चर्चा जारी है।