Dhar News : दो बच्चों की हत्या के बाद पिता ने की आत्महत्या

Crime in MP : पत्नी खेत पर गई थी, दोपहर में घर आई तो मिली पिता सहित 2 बच्चों की लाश

Publish: Jul 20, 2020, 04:35 AM IST

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर

धार : मध्यप्रदेश के धार जिले में एक पिता ने अज्ञात कारणों से अपने दो बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। जिले के गंधवानी थाना क्षेत्र अन्तर्गत मुजाल्दा गांव के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की घटना ने ग्रामीणों को झकझोर दिया है। जानकारी के मुताबिक यह घटना शनिवार को तब हुई जब पत्नी खेत पर काम करने गयी थी। दोपहर को जब महिला खेत से काम कर वापस आई तो उसे दोनों बेटों के शव घर में फंदे से लटके मिले। वहीं पति का शव भूसे की झोपड़ी में लटका था। खबर लिखे जाने तक घटने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाई है। हालांकि पुलिस और एफएसएल की टीम मामले की तफ्तीश में जुटी है। 

बताया जा रहा है कि दोनों बच्चों की हत्या पिता ने की है और उसके बाद पिता ने खुद आत्महत्या कर ली। हालांकि शनिवार दोपहर तकरीबन 1 बजे हुए इस घटना का कोई चश्मदीद गवाह नहीं है। मृतक पिता का नाम सूरज सेकड़िया है जिसकी उम्र 28 वर्ष बताई जा रही है। सूरज के चचेरे भाई मान सिंह ने दैनिक भास्कर को बताया है कि, 'सूरज जेसीबी ड्राइवर था। सुबह से ही परिवार के साथ घर पर ही था। सूरज की पत्नी कलाबाई दूसरे के खेत में मजदूरी करने गई थी। जब दोपहर की छुट्टी में घर आई तो घर के अंदर 6 वर्षीय बेटे संताेष व 4 वर्षीय कान्हा काे फांसी पर लटका पाई। इसके बाद वह जोर-जोर से राेने लगी। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे। बच्चों के पिता सूरज के नहीं दिखने पर इधर-उधर ढूंढते रहे। पहले खेत में जाकर देखा फिर नदी-नालों में भी खोजा। बाद में जब मकान के पास भूसा भरी हुई झोपड़ी में देखा तो सूरज भी फांसी पर लटका हुआ मिला।'

इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही एफएसएल टीम के साथ पुलिस माैके पर पहुंची और पंचनामा बनवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए गंधवानी अस्पताल भेजा। गंधवानी थाना प्रभारी जयसिंह सोलंकी ने बताया कि सूरज द्वारा ऐसा कदम क्याें उठाया गया है इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।