ग्वालियर: आधी रात को बालिका गृह में घुसे नकाबपोश युवक, किशोरी को अगवा कर ले गए
पुलिस के अनुसार किशोरी पहले भी भाग चुकी है। इस बार भी किशोरी बिना किसी प्रतिरोध के नकाबपोश युवक के साथ चली गई।

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बालिका गृह से 16 साल की किशोरी को अगवा करने का मामला सामने आया है। यहां आधी रात 6 नकाबपोश बालिक गृह में घुसे और लड़की को अगवा कर ले गए। पुलिस ने इस मामले में अपहरण का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मामला शुक्रवार-शनिवार की रात 1.40 से 2 बजे के बीच का है। इसका सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। इसमें लड़की एक नकाबपोश का हाथ पकड़कर निकलती दिख रही है। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला गार्ड सोती रही। वन स्टॉप सेंटर के मुख्य दरवाजे पर दो महिला सहित तीन सुरक्षा गार्ड तैनात थे। इनमें पुलिस का जवान भी था। मुख्य दरवाजे पर तैनात स्टाफ को अंदर की कुछ भनक नहीं लगी।
एएसपी अखिलेश रेनवाल और सीएसपी अशोक जादौन ने बताया कि नाबालिग इससे पहले भी दो बार अपने घर से भाग चुकी है। 7 जून को दस्तयाब करने के बाद नाबालिग को बालिका गृह भेजा गया था। पुलिस को शक है कि इस घटना के पीछे नाबालिग के प्रेमी का हाथ है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक लड़की थाटीपुर इलाके से लापता हुई थी। थाने में उसके प्रेमी पर अपहरण का केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने लड़की को बरामद कर 7 जून को कोर्ट में पेश किया। उसने मां-पिता के साथ जाने से मना कर दिया। ऐसे में कोर्ट ने उसे बालिका गृह भेजा था।