मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में गोवर्धन क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां ऑनलाइन प्रवचन और भजन-कीर्तन के जरिये ऊंचे पैकेजों पर काम करने वालीं B.Tech पास युवतियों को अपने जाल में फंसाने वाले एक फर्जी साधु को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने IIT रुड़की से मेकैनिकल इंजीनियर की पढ़ाई की है। इसके बाद उसने बाबा का भेष धर लिया और लड़कियों का ब्रेनवॉश कर गंधर्व विवाह के नाम पर उनसे दुष्‍कर्म करने लगा।

गोवर्धन थाना पुलिस ने अभिषेक उर्फ आदिकर्ता नारायण दास नामक आरोपी को राधाकुंड के शेरगढ़िया मोहल्ले से गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से भुवनेश्वर, ओडिशा का रहने वाला है और अभी गोवर्धन क्षेत्र में रह रहा था। बाबा भेषधारी युवक IIT रुड़की से मेकैनिकल इंजीनियर बताया जा रहा है। ये युवक इंजीनियर से बाबा कब और क्‍यों बना, पुलिस ये पता लगाने में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक एवं युवतियों को अपने प्रभाव में लेकर उन्हें समूह से जोड़ता था। आरोप है कि वह युवकों और युवतियों का ब्रेनवॉश कर तथाकथित गंधर्व विवाह कराता था और बाद में उन्हीं युवतियों के साथ शारीरिक संबंध बनाता था। आरोपी बाबा भेषधारी युवक के फोन से लड़कियों के आपत्तिजनक फोटो भी बरामद हुए हैं।

गोवर्धन सीओ अनिल सिंह ने बताया कि मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक युवती ने गोवर्धन थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसके संपर्क में और कितने युवक-युवतियां आए थे, कहीं अन्य पीड़ित भी तो नहीं हैं। 

बताया ये भी जा रहा है कि साधु भेष धारी युवक पढ़ी-लिखी लड़कियों को ऑनलाइन प्रवचन और भजन कीर्तन करके फंसाता था और उनके वीडियो बना लेता था। फिलहाल गोवर्धन पुलिस आरोपी के नेटवर्क और गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।