भोपाल। राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में सोमवार को एक नया और गंभीर घटनाक्रम सामने आया है। केस के प्रमुख गवाह नीरज दुबे ने आरोप लगाया है कि उन पर आरोपी समर्थ सिंह से जुड़े युवकों ने हमला कर गवाही न देने का दबाव बनाया। घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। इसके आधार पर कटारा हिल्स पुलिस जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 30 मई को हुई थी। मामले में महत्वपूर्ण गवाह माने जाने वाले नीरज दुबे अपने पार्लर के आसपास मौजूद थे। तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनसे ट्विशा शर्मा केस में गवाही देने को लेकर सवाल किए और बाद में मारपीट शुरू कर दी। नीरज का कहना है कि आरोपियों ने स्पष्ट रूप से उन्हें इस मामले में आगे न आने और गवाह न बनने की चेतावनी दी।

यह भी पढ़ें:भोपाल में नशीले कफ सिरप नेटवर्क का भंडाफोड़, STF ने जब्त की 23 हजार से ज्यादा बोतलें

घटना उस क्षेत्र में हुई जहां नीरज दुबे का सांची पार्लर है। उनका यह प्रतिष्ठान पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह के निवास के नजदीक स्थित है। हमले की घटना से आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल बन गया है। सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। वीडियो में कुछ युवक नीरज दुबे के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी भूमिका की जांच में जुटी हुई है।

घटना के बाद नीरज दुबे सीधे कटारा हिल्स थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। चूंकि मामला एक चर्चित केस के गवाह से जुड़ा है इसलिए पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:अमेरिका में हनीमून पर जा रहे भारतीय मूल के दूल्हे की हेलीकॉप्टर क्रैश में गई जान, बाल-बाल बची दुल्हन

नीरज दुबे ने बताया कि घटना के समय समर्थ सिंह के करीब 40 से 45 दोस्त वहां पहुंच गए थे। उन्होंने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए कहा कि वह ट्विशा शर्मा मामले में ज्यादा सक्रियता न दिखाएं और गवाह बनने से बचें। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। नीरज का कहना है कि इस घटना के बाद उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है और उन्होंने पुलिस से संरक्षण के साथ न्याय की मांग की है। फिलहाल कटारा हिल्स पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।