इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित नंदबाग इलाके में शनिवार देर रात आपसी विवाद के बाद बीजेपी की स्थानीय पदाधिकारी और उनके पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र के नंदबाग का है। यहां वार्ड 16 बूथ की बीजेपी अध्यक्ष रिंकू उर्फ दीक्षा का पड़ोस में रहने वाले विजय, राहुल शर्मा और अन्य लोगों से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि शुरुआत किसी बात को लेकर हुई कहासुनी से हुई थी जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद विजय और उसके परिजनों ने दीक्षा और उनके पति के साथ सड़क पर मारपीट की। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। घटना के दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे के वीडियो बनाते रहे। मारपीट से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं।
घटना के बाद देर रात दोनों पक्ष बाणगंगा थाने पहुंचे। पुलिस ने शिकायतें लेने के साथ दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया और उनके आरोपों के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
दूसरी ओर स्थानीय रहवासियों ने बीजेपी नेत्री पर पार्षद का नाम लेकर लोगों से बदसलूकी करने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, ये आरोप रहवासियों की ओर से लगाए गए हैं। पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों के बयानों, मेडिकल रिपोर्ट और सामने आए वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।