रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा नदी के किनारे मिले एक रहस्यमयी पत्थर ने ग्रामीणों के साथ प्रशासन का भी ध्यान अपनी ओर खींचा है। देवरी थाना क्षेत्र के पतई घाट गांव में मिले इस पत्थर की बनावट किसी विशालकाय जीव के जबड़े जैसी दिखाई दे रही है। इसमें दांतों के आकार की कई संरचनाएं भी मौजूद हैं। इसकी तस्वीरें और जानकारी सामने आने के बाद आसपास के गांवों से लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं। वहीं, कुछ ग्रामीण इसे प्राचीन अवशेष मानकर इसकी पूजा अर्चना कर रहे हैं। प्रशासन ने पत्थर की वास्तविक पहचान के लिए पुरातत्व विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों से जांच कराने की तैयारी शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पतई घाट पर नर्मदा नदी के पानी से मिट्टी का कटाव होने के बाद जमीन के भीतर दबी एक असामान्य आकृति दिखाई देने लगी थी। इसे देखकर स्थानीय बच्चों ने आसपास की मिट्टी हटाई। जिसके बाद पत्थर पूरी तरह सामने आया। इसकी बनावट सामान्य पत्थरों से अलग नजर आ रही है। खासतौर पर जबड़े जैसी आकृति और उसमें मौजूद दांतनुमा संरचनाओं ने लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें:मदर डेयरी ने फिर बढ़ाए दूध के दाम, 4 रुपए प्रति लीटर तक हुआ महंगा

पत्थर मिलने की सूचना गांव में फैलते ही मौके पर लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। ग्रामीण इसकी उत्पत्ति को लेकर अलग अलग अनुमान लगा रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि यह किसी प्राचीन विशालकाय जीव का अवशेष हो सकता है। जबकि, अन्य इसे धार्मिक आस्था से जोड़ रहे हैं। इसी मान्यता के चलते कुछ ग्रामीणों ने पत्थर की पूजा भी शुरू कर दी है।

मामले की जानकारी प्रशासन तक पहुंचने के बाद इसकी वैज्ञानिक जांच कराने का निर्णय लिया गया है। बरेली के एसडीएम अंकित जैन ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि पत्थर की पहचान के लिए पुरातत्व विभाग की टीम को मौके पर बुलाया जाएगा। विशेषज्ञ इसकी संरचना और अन्य विशेषताओं का अध्ययन करेंगे। जिसके बाद ही इसके पुरातात्विक या ऐतिहासिक महत्व के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें:जम्मू कश्मीर के कुलगाम में CRPF कैंप पर आतंकी हमला, बाइक सवारों की फायरिंग में 3 जवान घायल

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रायसेन कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने बताया कि जिस स्थान पर पत्थर मिला है उसे सुरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। साथ ही इसकी जांच के लिए वैज्ञानिकों से संपर्क किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य विशेषज्ञों की मदद से पत्थर की वास्तविक प्रकृति का पता लगाना है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पत्थर प्राकृतिक भूगर्भीय संरचना है या किसी प्राचीन जीव का जीवाश्म। इसकी उम्र और उत्पत्ति को लेकर भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।