जबलपुर: भाजपा नेता के कार्यालय में चली गोली, MBA की छात्रा घायल, CCTV फुटेज लेकर नेता फरार

धनवंतरी चौकी के नजदीक भाजपा नेता प्रियांश विश्वकर्मा का दफ्तर है। दफ्तर में गोली चलने और एक युवती के घायल होने की सूचना पुलिस को मिली थी।

Updated: Jun 17, 2023, 09:56 AM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में भाजपा नेता की रिवॉल्वर से संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवती को गोली लग गई। युवती को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। घायल युवती का नाम देविका ठाकुर है, जो बीजेपी नेता प्रियांश विश्वकर्मा की दोस्त बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही जबलपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संजीवनी नगर थाना पुलिस ने बताया कि धनवंतरी चौकी के नजदीक भाजपा नेता प्रियांश विश्वकर्मा का दफ्तर है। दफ्तर में गोली चलने और एक युवती के घायल होने की सूचना पुलिस को मिली थी। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को भाजपा नेता का दफ्तर खुला मिला। लेकिन, प्रियांश विश्वकर्मा, घटना में उपयोग हुई रिवाल्वर और दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज लेकर फरार हो गया है। तभी से पुलिस प्रियांश विश्वकर्मा की तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें: आदिपुरुष फिल्म के विरुद्ध मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के बेटे ने खोला मोर्चा, MP में बैन करने की उठाई मांग

घायल युवती की मौसी ने बताया कि देविका ठाकुर, प्रियांश विश्वकर्मा की दोस्त थी। उन्हें दो बजे फोन आया कि देविका की तबीयत बहुत खराब है। जब वह पहुंची तो बताया कि देविका को गोली लगी है, जो कि खुद देविका से चली है। सीएसपी प्रतिष्ठा राठौर ने बताया कि लड़की की हालत गंभीर है, इस वजह से बयान नहीं हो पाए हैं। एक्चुअल में क्या घटना हुई है वो जांच के बाद ही पता चल पाएगा। प्रियांश विश्वकर्मा की तलाश की जा रही है।

बताया जा रहा है कि प्रियांश विश्वकर्मा भाजपा विधायक जालम सिंह पटेल के दिवंगत बेटे मोनू सिंह का करीबी था। स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रियांश विश्वकर्मा मुख्य रूप से रेत की सप्लाई और जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। साथ ही प्रियांश प्लॉटिंग का काम भी करते हैं। प्लॉटिंग के कारोबार में उसका कई जगह विवाद भी हुआ है। इसके अलावा प्रियांश पर जमीन पर कब्जा कर, उसे कम कीमत में खरीदकर जमीन पर प्लाटिंग करने के आरोप भी लग रहे हैं।