कंस मामा सत्ता की चादर ओढ़ कर गहरी नींद में सो रहे हैं, महिला अपराधों पर कमलनाथ ने सीएम को घेरा

महिला अपराधों की रोकथाम के लिए मध्य प्रदेश के हर थाने में एक विशेष सेल होगी, मध्य प्रदेश की महिलाओं से कमलनाथ का वचन

Updated: Sep 04, 2023, 11:40 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में महिला अत्याचार की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक इस साल 1 जनवरी से 15 अगस्त तक भोपाल में प्रतिदिन औसतन एक बलात्कार का मामला और दो छेड़छाड़ के मामले दर्ज किए गए। महिला अपराध की घटनाओं को लेकर पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सीएम शिवराज को निशाने पर लिया है। पूर्व सीएम ने महिलाओं को वचन दिया है कि महिला अपराधों की रोकथाम के लिए मध्य प्रदेश के हर थाने में एक विशेष सेल होगी।

कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'प्रदेश की राजधानी भोपाल से लेकर गृह मंत्री के ज़िले दतिया तक आज समूचे मध्यप्रदेश में बेटियों की “चीख और बलात्कार” की चीत्कार सुनाई देती है मगर शिवराज सिंह चौहान महिला अत्याचारों पर कानों में रूई डाले, मुँह फेर बैठे हैं। क़ानून व्यवस्था औंधे मुँह पड़ी है, अपराधी और बलात्कारी बेख़ौफ़ हैं, और…. शिवराज सरकार की आँखों पर पट्टी बंधी है।'

कमलनाथ ने आगे लिखा, 'आज मप्र में 85 महिलाएं रोज़ अपराधियों का शिकार हो रही हैं। आज मप्र में 17 महिलाओं का रोज़ अपहरण हो रहा है। आज मप्र में 8 महिलाएं रोज़ बलात्कार का शिकार हो रही हैं।पर…..कंस मामा और उसकी सरकार “सत्ता की चादर” ओढ़ कर गहरी नींद में सो रही है।' 

कमलनाथ ने कहा, 'मैं प्रदेश की बेटियों को वचन देता हूँ कि बलात्कारियों और अपराधियों के दिन लद गए, उनकी जगह जेल की सलाख़ों के पीछे होगी, हम आपके आशीर्वाद से कांग्रेस सरकार सरकार बनाएँगे, महिला अपराधों की रोकथाम के लिए मध्यप्रदेश के हर थाने में एक विशेष सेल होगी, महिला अपराधों को रोकने के लिए विशेष अदालतें होंगी और प्रदेश में महिला सुरक्षा व महिला समृद्धि के नए युग की शुरुआत होगी।'