इंदौर में लॉ की छात्रा ने किया सुसाइड, तीन महीने पहले हुई थी सगाई, जांच में जुटी पुलिस

मध्य प्रदेश के इंदौर में एक लॉ की छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। छात्रा निजी लॉ कालेज में फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रही थी।

Publish: Feb 13, 2023, 01:29 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक नीजि कॉलेज में पढ़ने वाली लॉ की छात्रा ने सोमवार को फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। बताया जा रहा है कि तीन महीने पहले ही युवती की सगाई हुई थी। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। 

मामला इंदौर के हीरा नगर इलाके का है। मृतक युवती का नाम कंचन बताया जा रहा है। युवती एक प्राइवेट कॉलेज में लॉ की पढ़ाई कर रही थी। तीन महीने पहले ही सगाई हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। 

परिजनों के मुताबिक कंचन को फंदे पर लटकते सबसे पहले उसकी मां ने देखा। उन्होंने चीखते हुए आसपास के लोगों को इस बात की सूचना दी। जिसके बाद जिसके बाद पड़ोसी सचिन उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि कंचन का परिवार मूल रूप से होशगांबाद के पास का रहने वाला है। 15 साल पहले परिवार इंदौर आकर रहने लगा। कंचन की दो बहनें और एक भाई है। कंचन सबसे बड़ी थी।  

मामले की जांच कर रहे एएसआई रामसिंह मौर्य ने कहा कि छात्रा निजी कालेज में फर्स्ट ईयर में पढ़ाई कर रही थी। उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मगर हमने कंचन के सेल फ़ोन को ज़ब्त कर लिया है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया।